कुरुक्षेत्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के प्रतिभागियों ने प्राप्त की सफलता
फरीदाबाद। हरियाणा योग आयोग के सहयोग से हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (HYSA) द्वारा आयोजित हरियाणा स्टेट लेवल योगासन जज ट्रेनिंग प्रोग्राम 10 मार्च से 17 मार्च 2026 तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का ऑफलाइन चरण कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की ओपनिंग सेरेमनी 10 मार्च को शाम 7 बजे वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. युधवीर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर डॉ. जयदीप आर्य, वर्थी सेक्रेटरी जनरल, वर्ल्ड योगासन एवं योगासन भारत तथा अध्यक्ष हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं चेयरमैन हरियाणा योग आयोग ने योगासन खेल के विकास, निष्पक्ष जजमेंट और तकनीकी अधिकारियों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा योगासन खेल की संरचना, प्रतियोगिता नियम, जजिंग तकनीक, मार्किंग सिस्टम तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। सफल प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिताओं में जज के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
फरीदाबाद जिले के लिए यह गर्व का विषय रहा कि जिले से 14 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पास किया और फरीदाबाद को 14 नए राज्य स्तरीय योगासन जज प्राप्त हुए। इनमें तबस्सुम, श्वेता, ममता सिंह, शोभा रानी, नाज़नीन फिरदोस, अंशिका, दिव्या, मनीषा, गौतमा, अनिल कुमार, अजय कुमार, राजू, अंकित कुमार तथा मांगे राम शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर फरीदाबाद के जिला समन्वयक अंकुर सिंह ने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे जिले में योगासन खेल को और अधिक मजबूती मिलेगी। वहीं योगासन क्षेत्र से जुड़े श्याम कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम योगासन खेल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और तकनीकी अधिकारियों की गुणवत्ता को भी बढ़ाते हैं।
इस उपलब्धि से फरीदाबाद जिले में योगासन खेल को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



