Maruti GST Price Cut: मारुति सुजुकी ने अपने एंट्री-लेवल कार S-Presso की कीमत में सबसे बड़ी कमी की है. इस मॉडल की कीमत में लगभग 1,29,600 रुपये की कमी की गई है. इसके साथ ही अब कंपनी का पोर्टफोलियो 3.50 लाख रुपये से शुरू होता है.
मारुति सुजुकी GST मूल्य कटौती: देश की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने आज अपने वाहनों की कीमतों में बड़ी गिरावट का ऐलान किया है। कंपनी ने जानकारी दी है कि मारुति वैगनआर, ऑल्टो और इग्निस जैसी लोकप्रिय छोटी कारों पर कीमतों में लगभग 1.29 लाख रुपये तक की कटौती की गई है। यह संशोधित मूल्य आगामी 22 सितंबर से प्रभावी होगा।
मारुति सुजुकी ने एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी है कि हाल ही में लागू किए गए गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) सुधारों का लाभ सीधे ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत, कंपनी ने अपने पोर्टफोलियो में शामिल विभिन्न मॉडलों की कीमतों में कमी करने का फैसला लिया है। आइए जानें, किन कारों की कीमतों में कितनी कटौती हुई है।
किस कार की कीमत में कितनी कटौती:

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हालिया जीएसटी सुधारों के तहत कारों की कीमतों में कमी की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कीमतों में कटौती के बावजूद वाहनों के फीचर्स और टेक्नोलॉजी में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
नए प्राइस अपडेट के लागू होने के बाद अब ऑल्टो K10 मारुति सुजुकी की सबसे सस्ती कार नहीं रही है. अब कंपनी के पोर्टफोलियो में Maruti S-Presso ने यह स्थान हासिल कर लिया है. इस मॉडल की कीमत में सबसे अधिक 1,29,600 रुपये की कमी की गई है. यहां बताई गई कीमतें एक्स-शोरूम दरों के आधार पर हैं.
अन्य कारों की कीमत में कटौती
मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय कार स्विफ्ट की कीमत में 84,600 रुपये की कमी करने का निर्णय लिया है। इस संशोधन के बाद स्विफ्ट की शुरुआती कीमत अब सिर्फ 5.79 लाख रुपये हो गई है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में कंपनी ने स्विफ्ट का थर्ड-जेनरेशन मॉडल लॉन्च किया था, जिसे पहले 6.49 लाख रुपये में पेश किया गया था। इसके अलावा, बलेनो की कीमत में भी 86,100 रुपये तक की कटौती की गई है, जिससे अब इसकी शुरुआती कीमत घटकर 5.99 लाख रुपये हो गई है। इसी तरह, मारुति सुजुकी की पहली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग वाली कार, डिजायर में भी मूल्य संशोधन किया गया है। डिजायर की कीमत में अधिकतम 87,700 रुपये तक की कमी की गई है, और अब यह कार केवल 6.26 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है।
यूटिलिटी व्हीकल रेंज में भी भारी कटौती
मारुति सुजुकी ने अपने एसयूवी और एमपीवी मॉडल्स की कीमतों में बड़ी कमी की है। कंपनी की सबसे किफायती एसयूवी, Fronx, अब 1,12,600 रुपये सस्ती हो गई है, जिससे इसकी शुरुआती कीमत 6.85 लाख रुपये हो गई है। इसके साथ ही ब्रेजा की कीमत में 1,12,700 रुपये तक की कटौती की गई है, और अब इसे 8.26 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है।
अगर एमपीवी की बात करें तो Maruti Ertiga की कीमत में 46,400 रुपये की कमी की गई है, जिससे इसकी शुरुआती कीमत अब 8.80 लाख रुपये हो गई है। इसके साथ ही, XL6 पर ग्राहक 52,000 रुपये तक की बचत का लाभ उठा सकते हैं, जिससे यह एसयूवी स्टाइल एमपीवी अब 11.52 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। वैन सेगमेंट में Maruti Eeco की बात करें तो इसकी कीमत में 68,000 रुपये की कटौती हुई है, जिसके बाद इसकी शुरुआती कीमत मात्र 5.18 लाख रुपये रह गई है।
GST स्लैब क्या सुधार हुआ है?
4 सितंबर को हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में एक अहम फैसला लिया गया कि अब देश में चार की बजाय केवल दो जीएसटी स्लैब (5% और 18%) लागू रहेंगे। इसके अलावा, लग्जरी और सिन गुड्स पर 40% जीएसटी लगाया जाएगा। इस नए ढांचे के तहत, 4,000 मिमी से कम लंबाई वाली और 1,200 सीसी तक की पेट्रोल कारों तथा 1,500 सीसी तक की डीजल कारों पर केवल 18% जीएसटी लागू होगा। पहले इन कारों पर 28% जीएसटी लगाया जाता था।
4 मीटर से अधिक लंबी और लग्ज़री सेग्मेंट की कारें अब 40% जीएसटी के दायरे में शामिल होंगी. इन कारों की कीमतों में भी काफी कमी देखी गई है, क्योंकि पहले इनके ऊपर 28% जीएसटी और लगभग 22% सेस लागू होता था, जिससे कुल कर 50% तक पहुंच जाता था. हालांकि, अब इन पर अतिरिक्त सेस या उपकर नहीं लगाया जा रहा है.

