दिल्ली और देश के अन्य राज्यों में धनतेरस और दीपावली के मौके पर बड़ी भीड़ उमड़ रही है, जिससे सड़कों पर भारी जाम की स्थिति बन गई है. हालात ऐसे हैं कि यमुना और आगरा एक्सप्रेसवे से लेकर दिल्ली की प्रमुख सड़कों तक गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही हैं.
राजधानी दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों में धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहारों की जोरदार रौनक देखने को मिल रही है। बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है, और एक्सप्रेसवे पर भी यातायात का दबाव देखने को मिल रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि आगरा और यमुना जैसे एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर किलोमीटर लंबे जाम लग गए हैं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों का हाल भी कुछ अलग नहीं है। जनरल कोच में ही नहीं, बल्कि बाथरूम में भी लोगों को सफर करना पड़ रहा है। वहीं, एसी कोच में सवार होने के बाद अपनी सीट तक पहुंचने में भी यात्रियों को घंटों लग रहे हैं।
दिल्ली के बाजारों में उमड़ी लोगों की भीड़
दिल्ली के मशहूर लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट में सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिल रही है. बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचकर खरीदारी में व्यस्त हैं. इसी बीच, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई प्रबंध किए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए नियमित निगरानी रखी जा रही है. इसके अलावा, बार-बार अनाउंसमेंट करके लोगों को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए जा रहे हैं.
कालकाजी और चिराग दिल्ली की सड़कों पर लगा लंबा जाम
दिल्ली के कालकाजी इलाके में कालकाजी मंदिर से नेहरू प्लेस और चिराग दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क पर सुबह से भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि इस मार्ग पर वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे हैं। इसी प्रकार, शुक्रवार शाम को भी वहां पर गंभीर जाम देखने को मिला था, जिसके कारण कालकाजी मंदिर से चिराग दिल्ली या एयरपोर्ट की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

