फीफा वर्ल्ड कप 2022 में विजेता टीम के कप्तान लियोनेल मेसी को दुनिया के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार किया जाता है. मेसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जेंटीना के लिए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं. लंबे समय बाद अर्जेंटीना के कप्तान मेसी भारत के दौरे पर पहुंचे हैं.
दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों में गिने जाने वाले लियोनेल मेसी 14 साल बाद भारत आए हैं। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने कोलकाता से की, जहां उन्होंने विवेकानंद युवा भारती (सॉल्ट लेक) स्टेडियम में एक कार्यक्रम में भाग लिया। हालांकि, इस आयोजन के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। महंगे टिकट खरीदकर पहुंचे हजारों प्रशंसकों की नाराजगी उस समय चरम पर पहुंच गई जब मेसी केवल 10 मिनट बाद सख्त सुरक्षा के बीच स्टेडियम से रवाना हो गए। इसके अलावा, उन्होंने स्टेडियम का चक्कर भी नहीं लगाया, जिससे फैंस का गुस्सा और बढ़ गया।
अव्यवस्था, भीड़ प्रबंधन की कमी और वीवीआईपी मूवमेंट के चलते लियोनेल मेसी स्टेडियम का दौरा नहीं कर सके। इससे नाराज दर्शकों ने बोतलें फेंकी और होर्डिंग्स तोड़ दिए। इन घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। हालांकि, इस हंगामे के बावजूद लियोनेल मेसी के ‘GOAT Tour to India 2025’ का बाकी कार्यक्रम निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जारी है।
लियोनेल मेसी 13 दिसंबर को कोलकाता के बाद हैदराबाद पहुंचे हैं, जहां शाम 7 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 7 बनाम 7 फुटबॉल मैच आयोजित किया जाएगा। इसके बाद एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी होगा। इसके पश्चात मेसी का सफर मुंबई की ओर बढ़ेगा, जहां कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स का आयोजन तय है। 14 दिसंबर को दोपहर 3:30 बजे ब्रेबोर्न स्टेडियम में Padel GOAT कप के लिए मेसी का भव्य स्वागत किया जाएगा। फिर शाम 4 बजे एक सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच आयोजित होगा, जिसमें बॉलीवुड के कई सितारे हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही शाम 5 बजे वानखेड़े स्टेडियम में एक खास कार्यक्रम होगा। मेसी के इन आयोजनों में चैरिटी फैशन शो, अर्जेंटीना की 2022 विश्व कप से जुड़ी यादगार वस्तुओं की नीलामी और लुइस सुआरेज के नेतृत्व में एक स्पेनिश म्यूजिकल इवेंट भी शामिल हैं। इस आयोजन में शाहरुख खान और सचिन तेंदुलकर के भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
लियोनेल मेसी 15 दिसंबर को नई दिल्ली का दौरा करेंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके अलावा, उसी दिन दोपहर 1:30 बजे वे अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस मौके पर मिनर्वा अकादमी के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, और संभावना है कि कुछ भारतीय क्रिकेटर भी इसमें शिरकत करेंगे।
13 दिसंबर (हैदराबाद) शाम 7:00 बजे: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 7 बनाम 7 फुटबॉल मैच और उसके बाद म्यूजिकल कॉन्सर्ट।
14 दिसंबर (मुंबई) दोपहर 3:30 बजे: ब्रेबोर्न स्टेडियम में पैडल कप। शाम 4:00 बजे: सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच। शाम 5:00 बजे: वानखेड़े स्टेडियम में इवेंट और चैरिटी फैशन शो।
15 दिसंबर (नई दिल्ली) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात। दोपहर 1:30 बजे: अरुण जेटली स्टेडियम का प्रोग्राम। हालांकि, कोलकाता में हुई घटना के बाद आयोजनकर्ताओं और सुरक्षा प्रबंधनों पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशंसकों को अब उम्मीद है कि बाकी शहरों में बेहतर क्राउड मैनेजमेंट होगा और लियोनेल मेसी को निर्धारित कार्यक्रम के तहत देखने का उन्हें पूरा मौका मिलेगा।

