कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में नशे से जुड़े विवाद के कारण एक पत्नी ने अपने पति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. घटना को सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान असलियत का खुलासा कर दिया. पुलिस को घर से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई है. आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है.

अब तक आमतौर पर यह सुनने को मिलता था कि पति की शराबखोरी से पत्नियां परेशान रहती हैं, जिससे घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं सामने आती हैं. लेकिन ऐसा लगता है कि समय बदल रहा है. उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां शराब पीकर अपनी बहन के घर से लौटी एक महिला ने पति के साथ विवाद के बाद डरावना कदम उठाया. नशा करने का विरोध करने पर उसने अपने पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई. अपनी आदतों की वजह से महिला ने अपने ही घर को तबाह कर दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.

कानपुर के बिठूर की रहने वाली बिटोला देवी का बड़ा बेटा रवि शंकर अपनी पत्नी वीरांगना और दो बच्चों के साथ अलग रहता था, जबकि बिटोला देवी अपने परिवार के साथ अलग घर में रहती थीं। 2019 में रवि शंकर ने बांदा निवासी वीरांगना से शादी की थी, और उनके दो बच्चे हैं। बिटोला देवी ने बताया कि बुधवार को उनकी बहू वीरांगना पनकी में अपनी बहनों के घर गई हुई थी। वहां से लौटते समय वह नशे में धुत होकर घर पहुंची। रवि शंकर ने उसकी इस आदत का विरोध करते हुए कहा कि तुम बच्चों को घर पर छोड़कर वहां क्यों गई और नशे की हालत में वापस आई हो। इसके अलावा उसने पूछा कि घर का खाना कौन बनाएगा। इन्हीं बातों को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, और विवाद इस हद तक बढ़ गया कि गुस्से में वीरांगना ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपने पति की हत्या कर दी।

उसने कई बार तीव्रता से वार किए, जिससे पति घायल होकर फर्श पर गिर पड़ा और चारों तरफ खून फैल गया। इसके बाद, पत्नी ने चतुराई से सास को सूचना दी कि पति का एक्सीडेंट हो गया है। घर के सदस्य उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उधर, जब सास बिटोला घर पहुंची, तो उसने देखा कि बहू फर्श पर फैला खून साफ कर रही थी। सास ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस जांच के लिए पहुंची तो घर के भीतर ही खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई। उनकी जांच में यह सवाल उठाया गया कि अगर एक्सीडेंट हुआ होता, तो पति बाहर से खून से सना हुआ घर आया होता और दरवाजे पर भी खून के निशान होते। जब पुलिस ने पत्नी वीरांगना से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरा मामला साफ हो गया। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक रवि शंकर के छोटे भाई ने पत्नी वीरांगना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *