बांग्लादेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। बांग्लादेश ने यह निर्णय लिया है कि वह T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं लेगा। इस फैसले के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि बांग्लादेश वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगा। बांग्लादेश लंबे समय से भारत में खेलने से मना करता आ रहा था और इस संबंध में ICC से लगातार वेन्यू बदलने की मांग कर रहा था। हालांकि, ICC ने स्पष्ट रूप से कहा कि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं होगा। इसी के चलते अब बांग्लादेश ने भारत में आयोजित होने वाले वर्ल्ड कप से बाहर रहने का निर्णय लिया है। जानकारी के लिए बता दें कि T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होना तय है। वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से एक अहम बयान भी सामने आया है।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने अपने बयान में कहा कि वे ICC के साथ संवाद जारी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टीम वर्ल्ड कप खेलना चाहती है, लेकिन भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं है। उनका कहना है कि वे अपने पक्ष के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने ICC बोर्ड मीटिंग में लिए गए कुछ फैसलों को चौंकाने वाला बताया। मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े मुद्दे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं है।

उनके अनुसार, उस मामले में भारत ने एकतरफा फैसला करने की कोशिश की थी। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि ICC ने बांग्लादेश के भारत में होने वाले मैचों को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग ठुकरा दी। उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि क्रिकेट की लोकप्रियता घट रही है और यह खेल 200 मिलियन लोगों से दूर हो रहा है। इसके अलावा, उन्होंने यह कहते हुए ICC की आलोचना की कि यदि बांग्लादेश जैसा देश ओलंपिक में क्रिकेट नहीं खेल सकता, तो यह ICC की असफलता को दर्शाता है। टी20 वर्ल्ड कप को लेकर पिछले कुछ दिनों से BCB विवादों में रहा है। हाल ही में, जब BCCI के सुझाव के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से बाहर किया, तो इस पर बांग्लादेश ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपनी टीम को भारत न भेजने का फैसला किया था। इसके बाद से ही BCB लगातार भारत में वर्ल्ड कप न खेलने की बात पर अडा हुआ है।

नई टीम को प्रवेश का अवसर

T20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 20 टीमें भाग लेंगी। बांग्लादेश को शुरुआत में ग्रुप-C में रखा गया था, जहां उसके साथ इटली, वेस्टइंडीज, नेपाल और इंग्लैंड की टीमें थीं। हालांकि, बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने के फैसले के बाद अब एक नई टीम को इस प्रतिष्ठित वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने का मौका मिलने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *