आदित्य धर के निर्देशन में बनी एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड कायम किए हैं। सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी ग्लोबल ट्रेंड कर रही है। हालांकि, फिल्म से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर पड़ोसी देश पाकिस्तान से सामने आई है। आधिकारिक तौर पर बैन होने के बावजूद यह फिल्म वहां की ब्लैक मार्केट में धड़ल्ले से बिक रही है।

अब इसे धुरंधर की लोकप्रियता कहें या भारतीय सिनेमा के प्रति दीवानगी, लेकिन स्थिति ऐसी है कि कराची जैसे शहरों में लोग इस फिल्म को पायरेसी के माध्यम से बेहद कम कीमत पर खरीदकर देख रहे हैं। इसी संदर्भ में एक वीडियो न्यूज़ीलैंड के यूट्यूबर और ब्लॉगर कार्ल रॉक ने साझा किया है, जो अपने ट्रैवल व्लॉग्स और किताब ‘हाउ टू ट्रैवल इन इंडिया’ के लिए मशहूर हैं। पाकिस्तान में धुरंधर का जलवा ट्रैवल ब्लॉगर और यूट्यूबर कार्ल रॉक ने अपने एक व्लॉग में पाकिस्तान के अंडरग्राउंड पायरेसी नेटवर्क का खुलासा किया। कार्ल कराची के सदर बाजार स्थित ‘रेनबो सेंटर’ गए, जिसे पाकिस्तान में पायरेटेड फिल्मों और वीडियो गेम्स का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। वहां उन्होंने देखा कि एक कंप्यूटर के डेस्कटॉप पर धुरंधर का पोस्टर लगा हुआ था। जब उन्होंने इस बारे में दुकानदार से पूछा, तो दुकानदार ने बताया कि यह भारत की सबसे नई और हिट फिल्म है।

व्लॉग के दौरान एक रोचक पल तब आया जब कार्ल ने एक फिल्म की कीमत के बारे में जानकारी चाही। वहां मौजूद दुकानदार ने बताया कि अगर फिल्म को पेनड्राइव (USB) में लिया जाए, तो उसकी कीमत केवल पाकिस्तानी 50 रुपये (लगभग भारतीय 16 रुपये) होगी, जबकि डीवीडी (DVD) पर इसकी कीमत करीब 300 रुपये होती है। यह सुनकर कार्ल भी हैरान रह गए। उस दौरान, कार्ल ने वहां मौजूद लोगों से रणवीर सिंह के बारे में एक खास बात साझा की। उन्होंने बताया कि रणवीर असल में एक सिंधी हैं, और उनके दादा-दादी भारत-पाक विभाजन के समय कराची से भारत चले गए थे।

कार्ल ने रणवीर को भारत का एक प्रमुख ‘सिंधी हीरो’ भी करार दिया। पाकिस्तान में ‘धुरंधर’ की भारी पायरेसी IANS की रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर’ पाकिस्तान में अब तक की सबसे ज्यादा पायरेटेड फिल्म बन चुकी है। दिसंबर में रिलीज होने के बाद, सिर्फ दो हफ्तों के भीतर इसे पाकिस्तान में 20 लाख (2 मिलियन) से भी अधिक बार गैरकानूनी तरीके से डाउनलोड किया गया। इस आंकड़े में ‘धुरंधर’ ने रजनीकांत की ‘2.0’ और शाहरुख खान की ‘रईस’ जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। इसके अतिरिक्त, मिडिल ईस्ट के कुछ क्षेत्रों में इस फिल्म पर प्रतिबंध होने के कारण निर्माता-निर्देशकों को बड़ा आर्थिक घाटा सहना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *