दिल्ली में जल आपूर्ति प्रभावित: दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने सूचना दी है कि तकनीकी कार्यों के चलते 25 फरवरी से शहर के कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति अगले 48 घंटों तक बाधित रहेगी।

दिल्ली के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने जानकारी दी है कि 25 फरवरी से शहर के कई इलाकों में 48 घंटों तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। यह समस्या तकनीकी कार्यों के चलते होगी। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे पहले से पानी की पर्याप्त व्यवस्था कर लें। डीजेबी के अनुसार, पानी की सप्लाई 25 फरवरी सुबह 11 बजे से 27 फरवरी सुबह 11 बजे तक बंद रहेगी। यानी, इन इलाकों में दो दिनों तक नियमित जल आपूर्ति नहीं होगी। जल बोर्ड ने यह भी बताया है कि जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न जल केंद्रों के फोन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में लोग संपर्क कर सकें।

पानी की सप्लाई क्यों बंद होगी? भाग्य विहार इलाके में द्वारका वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) से जुड़े कार्य के कारण कुछ समय के लिए पानी की आपूर्ति रोक दी जाएगी। यहां पुरानी 1500 मिमी व्यास की कच्चे पानी की पाइपलाइन को नई 1500 मिमी व्यास की ट्विन पाइपलाइन से जोड़ने और अलग करने का काम किया जा रहा है।

इस इंटरकनेक्शन प्रक्रिया की वजह से अस्थायी रूप से पानी की सप्लाई बंद करनी पड़ेगी। किन इलाकों पर पड़ेगा असर? इस अस्थायी रुकावट का प्रभाव मुख्य रूप से द्वारका और उसके आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। जिन स्थानों पर पानी की सप्लाई प्रभावित होगी, उनमें द्वारका सब सिटी, महावीर एन्क्लेव, विजय एन्क्लेव, उत्तम नगर की कॉलोनियां, पोचनपुर, भरथल, अम्बराही गांव, मधु विहार, सागर पुर, कैलाश पुरी, दुर्गा पार्क और मंगला पुरी शामिल हैं।

साथ ही, राज नगर फेज I और II, बगडोला गांव, बिजवासन, धूलसिरस, बिंदापुर, सेवक पार्क, भारत विहार, सीता पुरी, राजा पुरी, जीवन पार्क, इंद्रा पार्क, मिलाप नगर, चाणक्य प्लेस, अर्जुन पार्क, लक्ष्मी विहार, बजरंग एन्क्लेव, मकसूदाबाद, नया बाजार, विजय पार्क और साईं बाबा एन्क्लेव जैसे क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *