नई दिल्ली, 28 फरवरी। दिल्ली विश्वविद्यालय के 102 वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 28 फरवरी, 2026 को किया जा रहा है। इस समारोह में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शुक्रवार को सांय काल डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और तैयारियों की समीक्षा की। कुलपति ने बताया कि इस समारोह के दौरान 2025 में अपनी डिग्री पूरी करने वाले यूजी, पीजी एवं पीएचडी के विद्यार्थी दीक्षित होंगे। इस दीक्षांत समारोह में यूजी, पीजी और एफ़वाईयूपी के 120408 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान लगभग 750 पीएचडी शोधार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
डीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने बताया कि दीक्षांत समारोह का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय के खेल परिसर स्थित मल्टीपर्प्ज हाल में होगा। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 132 गोल्ड एवं सिल्वर मेडल तथा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रो. टुटेजा ने बताया कि यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को कुल 112 गोल्ड मेडल एवं एक सिल्वर मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को कुल 19 पुरस्कार (सर्टिफिकेट) प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि डीयू के रेगुलर विद्यार्थियों, एनसीडबल्यूईबी और एसओएल के विद्यार्थियों को मिलाकर कुल 109003 यूजी, 11362 पीजी और 43 एफ़वाईयूपी प्रोग्रामों के विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि शताब्दी चांस के तहत अपनी डिग्री पूर्ण करने वाले 20 विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

