दिल्ली में डबल डेकर पर्यटक बस सेवा का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। यह 63 सीटों वाली डबल डेकर बस आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा प्रबंधों और पैनोरमिक अपर डेक जैसी खासियतों से सुसज्जित है। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इस सेवा के टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को रफी मार्ग से आधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर राजधानी के पर्यटन क्षेत्र में एक नई शुरुआत की। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के साथ मिलकर डबल डेकर बस का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल को सरकार की दूरदर्शिता और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी मॉडल) के सफल कार्यान्वयन का एक शानदार उदाहरण बताया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, मीडिया और अधिकारियों ने बस में सफर करते हुए रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक यात्रा की।

विरासत और आधुनिकता का संगम: एक नई शुरुआत मुख्यमंत्री ने इस पहल को दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली अपनी ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे समकालीन प्रतिष्ठानों की वजह से वैश्विक मंच पर एक नयी पहचान बना रही है। यह नई बस सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की समृद्ध विरासत और आधुनिकता का व्यापक अनुभव कराएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ विजन से प्रेरित होकर उनकी सरकार दिल्ली में आधुनिक विकास की रफ्तार बढ़ाने के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उद्देश्य यह है कि प्रगति और परंपरा दोनों का संतुलित रूप से विकास हो। उन्होंने यह भी कहा कि शून्य उत्सर्जन पर आधारित यह डबल डेकर ई-बस प्रधानमंत्री के इसी विजन को साकार करते हुए सतत विकास, हरित परिवहन और स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा देने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह 63-सीटर बस, जो आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा प्रबंधन और पैनोरमिक अपर डेक से लैस है, पर्यटकों को एक आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। इसके साथ ही, यह बस पर्यावरण संरक्षण में सहायक साबित होगी क्योंकि यह कार्बन उत्सर्जन को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेवा के जरिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटक दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का एक अनोखा अनुभव एक ही यात्रा में प्राप्त कर सकेंगे। इससे राजधानी की स्वच्छ, हरित और गतिशील वैश्विक पहचान को और भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस की शुरुआत महज़ एक नए वाहन का शुभारंभ नहीं है, बल्कि यह दिल्ली को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने बताया कि पहले की सरकारों में पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी दूरदृष्टि और बुनियादी सुविधाओं की कमी के साथ-साथ पर्यावरण की उपेक्षा ने दिल्ली को केवल एक ट्रांजिट सिटी तक सीमित कर दिया था। लेकिन अब मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली ‘ट्रांजिट सिटी’ से बदलकर ‘डेस्टिनेशन सिटी’ बनने की ओर तेज़ी से अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *