श्वेता त्रिपाठी खास तौर पर एम्स्टर्डम गईं ताकि वह मशहूर संगीतकार हंस ज़िमर का लाइव कॉन्सर्ट देख सकें। उन्हें लंबे समय से हांस को लाइव सुनने की इच्छा थी, जिसे उन्होंने सालों से अपने दिल में संजोकर रखा था। सिनेमा से गहरा लगाव रखने वाली श्वेता के लिए यह पल बेहद खास था।
श्वेता के लिए फिल्मी संगीत सिर्फ बैकग्राउंड में बजने वाली धुन नहीं है। फिल्म खत्म होने के बाद भी जो चीज़ उनके साथ रहती है, वह अक्सर उसका संगीत होता है खासकर हांस ज़िमर जैसे संगीतकारों की वजह से। ड्यून, इंटरस्टेलर और द डार्क नाइट जैसी फिल्मों के लिए बनाए गए उनके यादगार संगीत ने श्वेता पर गहरा असर डाला है। एक अभिनेता और सिनेमा प्रेमी के रूप में, इन धुनों ने उनके सिनेमा को महसूस करने के तरीके को भी प्रभावित किया है।
श्वेता मानती हैं कि संगीत उनके अभिनय की प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। हर नए प्रोजेक्ट से पहले वह एक प्लेलिस्ट बनाती हैं, जो उनके किरदार की भावनात्मक स्थिति को दर्शाती है। इससे उन्हें किरदार की खामोशी, ठहराव और अंदरूनी संघर्ष को समझने में मदद मिलती है, कई बार तो स्क्रिप्ट पूरी तरह समझ में आने से पहले ही। उनका कहना है कि हंस ज़िमर का संगीत बिना कुछ कहे, यही काम बखूबी कर देता है।
श्वेता कहती हैं, “उनका संगीत फिल्म खत्म होने के बाद भी मेरे साथ रहता है। उनकी रचनाओं में एक सच्चाई और गहराई है, जो सीधे दिल को छूती है। एक अभिनेता और सिनेमा की छात्रा के तौर पर मैं ऐसी चीज़ों की ओर आकर्षित होती हूं जो मुझे भावनाओं को बेहतर समझने में मदद करें, और उनका संगीत यह काम बिना किसी शोर के कर देता है। उन्हें लाइव देखना उस ऊर्जा को सीधे महसूस करने जैसा है।”
यह कॉन्सर्ट उनके लिए रोजमर्रा की भागदौड़ से थोड़ा दूर जाने और बिना ज़्यादा विश्लेषण किए बस उस अनुभव को जीने का मौका भी था। वह कहती हैं, “मैं एक नई सोच के साथ लौट रही हूं। कहानी और भावनाओं को गढ़ने में संगीत की बहुत बड़ी भूमिका होती है, और उसे इस तरह जीवंत होते देखना बेहद खास है।”
श्वेता के लिए यह सफर सिर्फ एक कॉन्सर्ट देखने तक सीमित नहीं था, बल्कि अपने साथ एक एहसास, एक लय और एक गहरी समझ लेकर लौटने जैसा था, जो आगे चलकर उनके काम में ज़रूर झलकेगा।

Ahmed Khan
Media Relations
Hardly Anonymous Communications

