Stock Market Highlights 9 March 2026: मिडल-ईस्ट में छिड़ी जंग के बाद से भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसका असर सोमवार को भी साफ देखने को मिला, जब घरेलू बाजारों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। आज बीएसई सेंसेक्स 1,352.74 अंकों (1.71%) की भारी गिरावट के साथ 77,566.16 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी 422.40 अंकों (1.73%) की कमी के साथ 24,028.05 पर आकर ठहरा। कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स ने 76,424.55 और निफ्टी ने 23,697.80 के निम्न स्तर को छुआ, जिससे बाजार में गहरी गिरावट का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सिर्फ 5 कंपनियों के शेयर ही बढ़त दर्ज करते हुए हरे निशान में रहे, बाकी सभी 25 कंपनियां लाल निशान में समाप्त हुईं। इसी प्रकार निफ्टी 50 के अंतर्गत केवल 8 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ बंद हुए, जबकि बाकी 42 कंपनियों के शेयर गिरावट का सामना करते हुए लाल निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स की सूची में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सबसे अधिक 1.37 प्रतिशत की बढ़त हासिल की, जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा 5.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स के अन्य शेयरों में आज मिश्रित रुझान देखने को मिला। इन्फोसिस, एचसीएल टेक, सन फार्मा और टेक महिंद्रा के शेयरों ने क्रमशः 0.47 प्रतिशत, 0.45 प्रतिशत, 0.17 प्रतिशत और 0.09 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ दिन का समापन किया।

दूसरी ओर, कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। मारुति सुजुकी के शेयर 4.68 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.39 प्रतिशत, एसबीआई 3.92 प्रतिशत, इंडिगो 3.83 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स और टाटा स्टील दोनों ही 3.75 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 3.48 प्रतिशत, एलएंडटी 2.76 प्रतिशत तथा एशियन पेंट्स 2.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, बीईएल, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, बजाज फिनसर्व और अन्य कंपनियों के शेयर भी 1 से 2 प्रतिशत के बीच गिरावट पर रहे। भारती एयरटेल के शेयर मात्र 0.23 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *