खालसा साजना दिवस को समर्पित तीन दिवसीय ‘गुरु मान्यों ग्रंथ चेतना समागम’ का गीता कॉलोनी स्थित रामलीला ग्राउंड में श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हो गया। समागम के अंतिम दिन बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया और पूरा मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
इस अवसर पर आयोजक एवं पूर्व निगम पार्षद गुरचरन सिंह राजू ने कहा कि ‘गुरु मान्यों ग्रंथ चेतना समागम’ का मुख्य उद्देश्य गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाओं को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र की संगत में इस समागम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से इसमें भाग लिया।
समागम के दौरान गुरबाणी कीर्तन, कथा-कीर्तन तथा विभिन्न प्रकार के लंगर की व्यवस्था की गई, जिसका संगत ने भरपूर आनंद लिया।
गुरचरन सिंह राजू ने बताया कि इस समागम के दौरान 47 श्रद्धालुओं ने अमृत छका। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 13 अप्रैल को बैसाखी के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब में अमृत संचार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जो भी श्रद्धालु अमृत छकना चाहते हैं, वे अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।


