PNB बैंक अलर्ट: पंजाब नेशनल बैंक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने खाताधारकों को यह जानकारी साझा की है, साथ ही 15 अप्रैल के बाद खाते बंद किए जाने की चेतावनी भी जारी की है.
अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है, तो यह जानकारी आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। बैंक ने उन खाताधारकों को एक अहम अलर्ट जारी किया है, जिनके खाते में पिछले तीन वर्षों से कोई लेन-देन नहीं हुआ है। ऐसे ग्राहक यदि समय पर जरूरी कदम नहीं उठाते हैं, तो 15 अप्रैल 2026 के बाद ये खाते बंद कर दिए जाएंगे।
खाते में बैलेंस शून्य हो तो हो जाएं सतर्क
पंजाब नेशनल बैंक ने एक आधिकारिक सूचना जारी कर बताया है कि उन खातों को निष्क्रिय किया जाएगा, जो तीन वर्षों से निष्क्रिय हैं और जिनका वर्तमान बैलेंस शून्य है। इस बारे में बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब X) के जरिए भी जानकारी साझा की है और ऐसे खाताधारकों से अपील की है कि वे अपने खाते को सक्रिय करें। इसके साथ ही, पीएनबी ने ऐसे ग्राहकों को सलाह दी है कि वे 15 अप्रैल की तय समयसीमा से पहले अपने खाते को दोबारा सक्रिय कर लें। इसके लिए वे नजदीकी पीएनबी शाखा जाकर अपने ग्राहक को जानें (केवाईसी) प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक खाता सक्रिय नहीं किया गया, तो 16 अप्रैल या इसके बाद बिना किसी पूर्व सूचना के खाता बंद कर दिया जाएगा। खाते को बंद होने से बचाने के लिए केवल एक साधारण केवाईसी अपडेट पूरा करना या लेन-देन शुरू करना पर्याप्त है।
क्यों बैंक को यह कार्रवाई करनी पड़ी?
पंजाब नेशनल बैंक ने बताया है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य निष्क्रिय खातों से जुड़े संभावित जोखिमों को कम करना है. धोखाधड़ी की किसी भी आशंका को ध्यान में रखते हुए, बिना बैलेंस या ट्रांजैक्शन वाले निष्क्रिय खातों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. साथ ही, KYC को समय-समय पर अपडेट करना बैंकिंग नियमों और प्रक्रियाओं का अहम हिस्सा है. बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन ग्राहकों को अपने खातों की स्थिति की सही जानकारी नहीं है, उन्हें तुरंत अपनी नजदीकी शाखा से संपर्क करना चाहिए. खासकर वे ग्राहक, जिन्होंने कुछ वर्षों से अपने खाते का कोई उपयोग नहीं किया है, इस ओर जल्द से जल्द ध्यान दें. यह भी जानने योग्य है कि पंजाब नेशनल बैंक देश के सबसे बड़े बैंकों में से एक है, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.30 लाख करोड़ रुपये का है. शेयर बाजार में पीएनबी का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा, जहां बुधवार को इसका शेयर लगभग 1% बढ़कर 113.10 रुपये के स्तर पर बंद हुआ.

