भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो हल्की बारिश और धूल भरे तूफान की संभावना का संकेत देता है। यह चेतावनी उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी, मध्य, दक्षिणी दिल्ली सहित गुरुग्राम और फरीदाबाद के क्षेत्रों को कवर करती है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा के फर्रुखनगर, कोसाली, महेंद्रगढ़, सोहना, रेवाड़ी, पलवल, नारनौल, बावल और नूंह सहित राजस्थान के भिवाड़ी और खैरथल में 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ धूल भरे तूफान, हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों जैसे कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, करनाल, फतेहाबाद, राजौंड, असंध, सफीदों, बरवाला, जींद, पानीपत, आदमपुर, हिसार, गोहाना, गनौर, हांसी, सिवानी, मेहम, सोनीपत, तोशाम, रोहतक, खरखोदा, भिवानी, चरखी दादरी, मातनहेल, झज्जर, लोहारू, फरुखनगर और कोसाली में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के शामली, कांधला, बड़ौत, बागपत और खेखड़ा तथा राजस्थान के भद्रा, सिद्धमुख, सादुलपुर, पिलानी, झुंझुनू, तिजारा, खैरथल, कोटपुतली, अलवर, विराटनगर, नगर, डीग, लक्ष्मणगढ़ और राजगढ़ क्षेत्रों में अगले दो घंटों में बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में मौसम का मिजाज सामान्य रहेगा जहां तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 20.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सतर्कता बढ़ी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों, जैसे मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बिजनौर में येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे इन इलाकों में संभावित मौसम परिवर्तन की चेतावनी दी गई है। इसी प्रकार, हरियाणा में भी आज के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। सिरसा, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिसार, जींद, रोहतक, अंबाला और अन्य कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अतिरिक्त सतर्कता की सलाह दी गई है।

आईएमडी ने 30 मार्च और 2-3 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की गति वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *