नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। एक वाहन बैरियर तोड़ते हुए गेट नंबर 2 से विधानसभा परिसर में दाखिल हो गया। बाद में यह अज्ञात गाड़ी वहां से फरार होने में सफल रही।

विधानसभा कार्यालय की जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2.0 बजे एक गाड़ी VIP गेट की तरफ से बैरियर तोड़ते हुए परिसर के अंदर दाखिल हुई। गाड़ी विधानसभा स्पीकर की गाड़ी के पास पहुंची और वहां फूलों का गुलदस्ता और कुछ दस्तावेज छोड़कर वापस उसी गेट से निकल गई। बताया जा रहा है कि वाहन उत्तर प्रदेश पंजीकरण नंबर वाला था, जिसने जबरन गेट नंबर 2 से प्रवेश किया। इस घटना के दौरान लोहे का गेट क्षतिग्रस्त हो गया।

संसद की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला

संसद की सुरक्षा में हुई एक बड़ी चूक ने देशभर में सनसनी फैला दी। यह घटना 13 दिसंबर 2023 को उस समय घटी, जब पूरा देश 2001 में हुए संसद हमले की बरसी पर शहीदों को याद कर रहा था। इस दिन लोकसभा की कार्यवाही चल रही थी, तभी दर्शक दीर्घा से दो युवा—सागर शर्मा और मनोरंजन डी—अचानक सदन में कूदकर सांसदों की बेंचों पर दौड़ने लगे। उन्होंने अपने जूतों में छिपाए गए कलर स्मोक कैनिस्टर निकाले और सक्रिय कर दिए, जिससे पूरे सदन में पीले धुएं का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गई।

सांसदों ने अपनी सुझबूझ और साहस का परिचय देते हुए स्थिति संभाली और दोनों युवकों को पकड़ लिया, जिसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हिरासत में लिया। उसी समय, संसद भवन परिसर के बाहर नीलम और अमोल शिंदे नामक दो और प्रदर्शनकारियों ने रंगीन धुआं फैलाकर नारेबाजी की। इस पूरी घटना के पीछे मुख्य साजिशकर्ता ललित झा को बताया गया, जिसने इस कृत्य के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। जांच के दौरान पता चला कि यह समूह बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *