उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वृंदावन में यमुना नदी में स्टीमर पलटने से करीब छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्टीमर पर लगभग 30 लोग सवार थे। यह घटना वृंदावन के श्रृंगार घाट के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य के लिए गोताखोरों की टीम को तैनात किया गया है।

अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली वृंदावन क्षेत्र में शुक्रवार को एक गंभीर हादसा हुआ, जब श्रद्धालुओं से लदा एक स्टीमर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, कई अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहा है।

पंजाब के लुधियाना से आए श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हुआ

मथुरा-वृंदावन घूमने आए करीब 30 श्रद्धालु स्टीमर के जरिए यमुना नदी में सफर कर रहे थे। बताया गया कि स्टीमर मार्ग में पीपीओ के पुल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्टीमर संतुलन खोकर पलट गया। इस हादसे ने यात्रियों में अफरातफरी और चीख-पुकार मचा दी।

तुरंत शुरू हुआ बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने मिलकर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। डूबे लोगों को खोजने के लिए गहन अभियान जारी है। घायल श्रद्धालुओं को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा अचानक हुआ, जिससे कोई सतर्कता बरतने का समय नहीं मिला। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *