बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, और अब राज्य की बागडोर सम्राट चौधरी संभालेंगे।
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने X परअपने संदेश में लिखा कि पुत्रवत सम्राट चौधरी जी को बिहार भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को नया सम्राट मुबारक हो।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बनने वाली बिहार की डबल इंजन सरकार निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाएगी।
नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को लेकर कुछ ही घंटों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों के चयन को लेकर कयासबाज़ी तेज़ हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि कुछ नए चेहरे शामिल हो सकते हैं, हालांकि इनमें से कई वही होंगे जो वर्तमान नीतीश मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं। इस बीच, एक और विषय चर्चा में है—मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की। राजनीतिक हलकों में यह कहा जा रहा है कि इस बार बिहार सरकार में केवल एक ही डिप्टी सीएम होगा, जो निशांत कुमार हो सकते हैं। फिलहाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भाजपा कोटे से दो डिप्टी सीएम कार्यरत हैं।

