राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज एक बार फिर मौसम ने अचानक बदलाव दिखाया है। तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। गाजियाबाद और उत्तर पूर्वी दिल्ली के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। सीलमपुर, यमुना विहार और गाजियाबाद के कई इलाकों में बड़े-बड़े ओले गिरने की खबरें सामने आई हैं।
दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में दोपहर के बाद आसमान में बादलों की हलचल के साथ तेज हवाएं जारी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही 30 अप्रैल को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और शाम को हल्की बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना जताई थी। IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में तेज सतही हवाओं का जोर रहेगा, जिनकी रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में यह गति बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस अप्रैल का दूसरा सबसे गर्म दिन साबित हुआ। हालांकि, मंगलवार को यह घटकर 39.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया और बुधवार को बारिश की वजह से इसमें और कमी दर्ज की गई।
आज के मौसम की स्थिति पर नजर डालें तो 30 अप्रैल 2026 को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बने रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय तापमान लगभग 32-33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 और 2 मई को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, 3 मई को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि हवाओं की गति 35-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

