सप्ताह के पहले कारोबारी दिन, सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई, जहां सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स खुलते ही धराशायी हो गए। अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्ताव पर सहमति न बन पाने से क्रूड आयल की कीमतों में उछाल आया, जिसने बाजार पर नकारात्मक प्रभाव डाला। इसके साथ ही, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोने की खरीदारी कम करने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील ने भी निवेशकों के बीच आशंकाएं बढ़ा दीं।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स ने पिछले बंद स्तर की तुलना में 944 अंकों की भारी गिरावट के साथ शुरुआत की, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी इंडेक्स भी खुलते ही 275 अंक टूट गया। शुरुआत में ही इंडेक्स में भारी गिरावट बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 77,328 से तेज गिरावट के बाद 76,638 पर खुला। हालांकि, बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में यह गिरावट और गहरी हो गई। केवल 5 मिनट के कारोबार के भीतर सेंसेक्स 944 अंक की गिरावट के साथ 76,363 के स्तर तक आ पहुंचा।
शेयर बाजार में खलबली क्यों?
शेयर बाजार में हालिया गिरावट के पीछे कई अहम वजहें हैं। इनमें सबसे महत्त्वपूर्ण कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की। पीएम मोदी ने यह अपील वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देते हुए की है। उनका कहना है कि पड़ोसी देशों में जारी युद्ध का असर भारत सहित पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे कम से कम एक साल तक सोने की खरीदारी टालें और ईंधन की खपत में कटौती पर जोर दें।
इसके साथ ही, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता एक बार फिर अधर में लटक गई है। इस तनावपूर्ण स्थिति के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज़ी से उछाल देखने को मिला है। ब्रेंट क्रूड ऑइल की कीमतें अचानक 3% से अधिक बढ़ गईं, जिसकी वजह से वैश्विक तनाव और महंगाई बढ़ने का डर निवेशकों को परेशान कर रहा है। इन सभी कारकों के चलते शेयर बाजार दबाव में बना हुआ है।
सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट का माहौल देखने को मिला, जहां बीएसई लार्जकैप से लेकर स्मॉलकैप तक सारे इंडेक्स लाल निशान में दिखाई दिए। विभिन्न बड़ी कंपनियों के शेयर, जैसे TCS, Infosys, Tech Mahindra, Sun Pharma, Tata Steel, ICICI Bank, Kotak Bank और ITC, रेड जोन में कारोबार करते नजर आए। सबसे अधिक गिरने वाले शेयरों की सूची में Titan का शेयर 6.50% की गिरावट के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके अलावा IndiGo में 4%, SBI में 3.50%, Eternal में 3.30% और Bharti Airtel में 2.60% की कमी दर्ज की गई। बीएसई की मिडकैप श्रेणी में भी गिरावट का असर साफ नजर आया। यहां Ashok Leyland का शेयर 3.40%, Godrej Properties का 3.20%, Muthoot Finance का 3.15%, Suzlon का 2.50% और Paytm का शेयर 1.50% की गिरावट में कारोबार कर रहे थे।

