केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की आधिकारिक शुरुआत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर का मौसम भी अचानक बदल गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ काले घने बादलों का डेरा छा गया, जिसके बाद झमाझम बारिश होने लगी।

नोएडा में दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच आसमान पूरी तरह से काले बादलों से ढक गया, जिससे सड़कों पर वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। दिन के समय ही ऐसा अंधेरा छा गया कि माहौल रात जैसा प्रतीत होने लगा। मौसम में आए इस बदलाव ने जहां गर्मी से थोड़ी राहत दी, वहीं तेज धूलभरी हवाओं और आंधी-तूफान ने कई इलाकों में मुश्किलें भी पैदा कर दीं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें भी हो सकती हैं। मौसम में यह परिवर्तन 6 जून तक जारी रह सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले से ही बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया हुआ था। पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 और 5 जून को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई थी। इस दौरान दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका व्यक्त की गई थी।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि केरल में मॉनसून की शुरुआत से उत्तर भारत में भी नमी का स्तर बढ़ गया है। इसका असर दिल्ली-NCR में प्री-मॉनसून गतिविधियों के रूप में दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में तेज हवाएं चलेंगी, धूल भरी आंधियां आएंगी और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *