नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री तथा बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र से तीन बार निर्वाचित विधायक इमरान हुसैन का एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राष्ट्र टाइम्स के संपादक विजय शंकर चतुर्वेदी ने प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्र टाइम्स के 45 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष स्मारिका भेंट की गई तथा पुरानी दिल्ली में कराए गए समग्र विकास कार्यों और जनसेवा के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

विजय शंकर चतुर्वेदी ने इमरान हुसैन का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और उन्हें स्मृति स्वरूप राष्ट्र टाइम्स की विशेष स्मारिका प्रदान की। उन्होंने कहा कि इमरान हुसैन ने अपने सार्वजनिक जीवन में पुरानी दिल्ली के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया जाना उचित है।

अपने संबोधन में इमरान हुसैन ने राष्ट्र टाइम्स की निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि 45 वर्षों से निरंतर जनसरोकारों की आवाज बुलंद करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने राष्ट्र टाइम्स के 45 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं तथा वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी के पत्रकारिता के 53 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की।

इमरान हुसैन ने कहा कि स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा राष्ट्र टाइम्स ने हमेशा समाज और आमजन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी विश्वसनीय पहचान बनाई है।

इस अवसर पर यमुना युवक केंद्र के संचालक अजय यादव ‘मन्नू’ भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र टाइम्स की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थितजनों ने इमरान हुसैन के जनसेवा एवं विकास कार्यों तथा विजय शंकर चतुर्वेदी के दीर्घकालीन पत्रकारिता योगदान की सराहना की।

V.S. CHATURVEDI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *