नई दिल्ली, 05 नवंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे कम से कम 500 रुपए महीना की कोई न कोई पेंशन स्कीम जरूर लें। प्रो. योगेश सिंह दिवाली मिलन कार्यक्रम के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मचारियों और बागवानी कर्मचारियों आदि को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस दिवाली पर सभी लोग संकल्प लें कि कम से कम एक अच्छा काम करेंगे और एक खराब काम छोड़ेंगे।

प्रो. योगेश सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों को सलाह देते हुए कहा कि इस दिवाली के अवसर पर वह सभी कोई न कोई पेंशन स्कीम जरूर लें और उसमें 500 या हजार रुपए महीना डालने का संकल्प लें। इसके लिए कोई भी ऐसी आदत छोड़ सकते हैं, जिसमें 500 रुपए व्यर्थ जा रहे हों। इसके साथ ही 500 रुपए महीना से कोई म्यूचुअल फ़ंड शुरू करने का भी संकल्प लें, ताकि आने वाले समय में आर्थिक जरूरतों में काम आ सके। प्रो. योगेश सिंह ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान के लिए हर कर्मचारी का अपना महत्व होता है। सभी लोग संस्थान की रीढ़ होते हैं।

कुलपति ने कहा कि दिवाली दिल्ली विश्वविद्यालय के लिए भी उतनी ही शुभ हो जितनी कि हम सबके लिए, क्योंकि हमारा भविष्य और संस्थान का भविष्य आपस में जुड़े हुए हैं। हम अच्छा करते हैं तो संस्थान का भी अच्छा होता है। इस दौरान कुलपति ने उपस्थित कर्मचारियों से संवाद भी किया। उन्होंने कर्मचारियों को शाल व मिठाई देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके साथ डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. बलराम पाणी, दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता और डीयू सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष एवं पीआरओ अनूप लाठर भी उपस्थित रहे।–

Anoop Lather

Consultant

Media Relations/ PRO

University of Delhi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *