नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया गया है, जो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पूरक की भूमिका निभाएगा। दोनों हवाई अड्डे मिलकर एकीकृत विमानन प्रणाली के रूप में कार्य करेंगे, जिससे न केवल भीड़भाड़ में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को संभालने की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके परिणामस्वरूप, दिल्ली-एनसीआर वैश्विक स्तर पर प्रमुख विमानन केंद्रों में अपनी एक विशेष पहचान बना सकेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत की प्रमुख ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। इसका पहला चरण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत लगभग ₹11,200 करोड़ के निवेश के साथ तैयार किया गया है। प्रारंभिक चरण में इस हवाई अड्डे की वार्षिक यात्री संभालने की क्षमता 12 मिलियन यात्री (MPPA) होगी, जिसे भविष्य में पूर्ण विकास के बाद बढ़ाकर 70 MPPA तक किया जाएगा। इसमें 3,900 मीटर लंबा रनवे है, जो बड़े आकार के विमानों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है।
एयरपोर्ट एक सुदृढ़ कार्गो इकोसिस्टम प्रदान करता है, जिसमें मल्टी-मॉडल कार्गो हब, एकीकृत कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स ज़ोन जैसे प्रमुख घटक शामिल हैं। यह सुविधा प्रतिवर्ष 2.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक माल प्रबंधन के लिए तैयार है, जिसकी क्षमता भविष्य में बढ़ाकर लगभग 18 लाख मीट्रिक टन तक की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, 40 एकड़ क्षेत्र में फैली एक विशेष रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (MRO) सुविधा भी इस इकोसिस्टम का हिस्सा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ‘नेट-ज़ीरो उत्सर्जन’ वाली आधुनिक सुविधा के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें ऊर्जा-संवेदनशील तकनीकों और पर्यावरण के प्रति सतर्क कार्यप्रणालियों को समाहित किया गया है। इसका डिज़ाइन भारतीय सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है, जिसमें पारंपरिक घाटों और हवेलियों की झलक देने वाले वास्तुशिल्प तत्वों को शामिल किया गया है। यह एयरपोर्ट एक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां सड़क, रेल, मेट्रो और क्षेत्रीय ट्रांजिट सिस्टम का सुगम और प्रभावी एकीकरण होगा, ताकि यात्रियों और माल परिवहन के लिए बेहतर और निर्बाध संपर्क स्थापित किया जा सके।

