नई दिल्ली, 26 नवम्बर। भारतीय संविधान की 77 वीं वर्षगांठ के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘संविधान दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. योगेश सिंह के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। कुलपति ने कहा कि यह भारतीय संविधान की ताकत ही है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा और प्रभावी लोकतन्त्र बना है। प्रो. योगेश सिंह ने संविधान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान ने सदा देश की एकता और अखंडता को कायम रखा है। जब संविधान की रचना हुई, वह कोई शांतिकाल नहीं था। देश जहां विभाजन की विभीषिका झेल रहा था, वहीं अनेकों संघर्षों का भी सामना कर रहा था। जब देश में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त था, ऐसे समय में इतना अच्छा संविधान बनाना कोई छोटा काम नहीं था।
प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि आजादी के बाद इतनी समस्याओं से यह देश गुजारा है, लेकिन फिर भी संविधान ने इसे संभाले रखा, यही संविधान की उपलब्धि है। इस अवसर पर कुलपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगले 20-25 वर्ष सभी देशवासी मिलकर देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम करें। इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी, दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता, कल्चर काउंसिल के अध्यक्ष अनूप लाठर, प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह और डीन अकादमिक प्रो. के. रत्नाबली सहित अनेकों अधिकारी उपस्थित रहे। —

Anoop Lather
Consultant
Media Relations/ PRO
University of Delhi

