नई दिल्ली, 23 अप्रैल। दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज की फॉरेन स्टूडेंट समिति द्वारा वार्षिक महोत्सव “सिंफनी” (Symphony) का आयोजन बुधवार, 22 अप्रैल को सायं काल किया गया। । “वसुधैव कुटुंबकम द वर्ल्ड इज वन फैमिली” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर दिल्ली विश्वविद्यालय की कल्चरल काउंसिल के अध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी अनूप लाठर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर दिनेश खट्टर ने की।

इस अवसर मुख्यातिथि अनूप लाठर ने अपने वक्तव्य में अपने खुद के देश-विदेश के विभिन्न अनुभवों को विदेशी विद्यार्थियों से साझा करते हुए कहा, “दिल्ली विश्वविद्यालय और भारतवर्ष आप सभी के उत्कृष्ट अध्ययन-अध्यापन हेतु प्रतिबद्ध होने के साथ-साथ आपके सांस्कृतिक उन्नयन और व्यक्तित्व विकास हेतु भी प्रतिबद्ध है। दिल्ली विश्वविद्यालय में और भारत में अध्ययन करते हुए आप अपने करियर और जीवन के लिए श्रेष्ठ की पूर्ति कर सकते हैं। आप सबकी विविधता के बाद भी आप सभी का यहां एकत्र होना भारत के वसुधैव कुटुंबकम की भावना में आपकी आस्था को व्यक्त करता है। दिल्ली विश्वविद्यालय और भारतवर्ष आपके स्वप्न और संकल्पों को भरपूर उपजाऊ जमीन दे रहे हैं। आप उन्हें साकार करने के लिए खूब मेहनत करें। मैं आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।”  

कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर दिनेश खट्टर  ने अपने स्वागत वक्तव्य में विभिन्न देशों से आए विद्यार्थियों का और मुख्यातिथि सहित सभी का स्वागत-सम्मान किया। उन्होंने कहा कि- किरोड़ीमल कॉलेज विश्व बंधुत्व के भाव के साथ-साथ विदेशी विद्यार्थियों के अध्ययन-अध्यापन और सुविधाओं की दृष्टि से भी उत्कृष्ट संस्थान है और कॉलेज इन विद्यार्थियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली विश्वविद्यालय फॉरेन स्टूडेंट काउन्सिल की जॉइंट डीन प्रोफेसर शालिनी बक्शी ने भी विदेशी विद्यार्थियों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय और किरोड़ीमल कॉलेज की प्रतिबद्धता के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ज्ञात हो कि किरोड़ीमल कॉलेज में लगभग 15 देशों के 80 विद्यार्थी अध्यनरत हैं। भिन्न-भिन्न प्रकार की सामाजिक सांस्कृतिक और भौगोलिक विविधताओं से आने वाले ये विद्यार्थी इस कार्यक्रम में एक स्थान पर एकजुट होकर वसुधैव कुटुंबकम के रंग में दिखाई दिए। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए फॉरेन स्टूडेंट कमेटी के कन्वीनर डॉ. वेदप्रकाश ने भिन्न-भिन्न रूपों में विदेशी विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उनकी विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि किरोड़ीमल कॉलेज इन विद्यार्थियों के अध्ययन- अध्यापन के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक उन्नयन एवं व्यक्तित्व विकास हेतु भी प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में एक बड़े और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होना है और इन विद्यार्थियों के लिए तीन दिन का शैक्षणिक भ्रमण भी सुनिश्चित हो चुका है। उन्होंने सभी अतिथियों का और कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।–

Anoop Lather

Consultant

Media Relations/ PRO

University of Delhi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *