गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें 9वीं से लेकर 13वीं मंजिल तक आग की लपटें देखी गईं. इस हादसे में कुल आठ फ्लैट प्रभावित हुए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज़ी से पूरा करने के निर्देश दिए. दमकल विभाग के अनुसार, आग पर अब पूरी तरह से काबू पा लिया गया है.
कई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर अब काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन कूलिंग प्रक्रिया अब भी जारी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आग की शुरुआत 9वीं मंजिल से हुई थी। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
फायर अधिकारी राहुल ने जानकारी दी कि सोसायटी का फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह सक्रिय और कार्यरत था, जिससे राहत और बचाव कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। आग लगते ही तुरंत अलार्म बजा, जिससे सभी निवासियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। खुशकिस्मती की बात यह है कि अब तक किसी के अंदर फंसे होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
हालांकि, एक वृद्ध व्यक्ति को एहतियात के तौर पर एंबुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया, क्योंकि वह पहले से अस्वस्थ थे। इस अग्निकांड में कुल आठ फ्लैट प्रभावित हुए हैं। आग इतनी भयानक थी कि 9वीं मंजिल से उठी लपटें सीधे 13वीं मंजिल तक पहुंच गईं। साथ ही, उठते हुए काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक साफ देखा गया। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की लगभग 20 गाड़ियां तैनात रहीं। हालांकि, पार्क की दीवारों की वजह से दमकल गाड़ियों को ऊपरी मंजिलों तक पानी की आपूर्ति में शुरुआती कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा।
सुबह लगभग 8:30 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई
जिसके बाद दमकल, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। वर्तमान में, आग पूरी तरह बुझाने के बाद सभी फ्लैटों की गहन जांच की जाएगी। इसके उपरांत ही नुकसान की सही जानकारी और आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग रात लगभग साढ़े आठ बजे देखी गई थी। इस आग की चपेट में अब तक आठ फ्लैट आ चुके हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी के अंदर फंसे होने की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें दूर से ही देखा जा सकता था। कई लोगों ने घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले, जो अब वायरल हो रहे हैं। गाजियाबाद के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कहा है कि फ्लैट के अंदर कोई व्यक्ति फंसा नहीं है और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।

