देश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती अव्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रख्यात समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से कड़े और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर ट्रकों की मनमानी आवाजाही अब आम लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है। भारी वाहन सभी लेनों में चलते हैं, ओवरटेक करते हैं और कई बार छोटे वाहनों को घंटों जाम और जोखिम भरी स्थिति में फंसा देते हैं।

विजय शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि देश के एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्गों को तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में इन सड़कों पर ट्रकों की अनुशासनहीनता के कारण आम वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे वाहन चालकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों के साथ यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बनती जा रही है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग करते हुए कहा कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर ट्रकों के लिए अलग और निश्चित लेन निर्धारित की जाए। ट्रकों को केवल निर्धारित लेन में ही चलने की अनुमति हो और इसका सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि भारी ट्रक बीच और फास्ट लेन तक में चलते हैं, जिससे छोटे वाहनों की गति रुक जाती है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

चतुर्वेदी ने यह मांग की कि नियम तोड़ने वाले ट्रक चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। पहली गलती पर भारी जुर्माना, दूसरी बार लाइसेंस निलंबन और लगातार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जाए। इसके साथ ही ट्रक मालिकों की जिम्मेदारी भी तय की जाए और बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों को जब्त करने की व्यवस्था लागू की जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून बनाने से नहीं, बल्कि सख्त क्रियान्वयन से सुनिश्चित होती है। यदि सरकार ट्रकों की लेन व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाए और तकनीकी निगरानी बढ़ाए, तो हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने हाईवे पर सीसीटीवी आधारित मॉनिटरिंग, ऑटोमैटिक चालान सिस्टम और नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने की भी मांग की।

विजय शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क पर अनुशासन केवल सुविधा का नहीं बल्कि जीवन रक्षा का विषय है। हर दिन होने वाली दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं और इसका एक प्रमुख कारण भारी वाहनों की लापरवाही है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तुरंत नई नीति लागू की जाए, ताकि देश के हाईवे सुरक्षित, व्यवस्थित और भयमुक्त बन सकें।

V.S. CHATURVEDI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *