प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व भारतीय टीम में 11 खिलाड़ियों ने किया। आज सभी विजेता खिलाड़ी हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य एवं हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ. युद्धवीर के नेतृत्व में हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से उनके सरकारी आवास संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ में मिले।

मुख्यमंत्री महोदय ने सभी खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा भविष्य में योगासन खेल में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री महोदय से योगासन खेल को हरियाणा की खेल नीति में शामिल करने तथा योगासन खिलाड़ियों को अन्य खेलों के खिलाड़ियों के समान सुविधाएं उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया।

खिलाड़ियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि मुख्यमंत्री महोदय का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें प्राप्त होता रहा, तो वे विश्व स्तर पर हरियाणा का नाम और अधिक गौरवान्वित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने इस मुलाकात को अत्यंत सकारात्मक बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार योग एवं योगासन के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा जन-जन तक योग पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में योगासन खिलाड़ियों को और अधिक अवसर एवं सुविधाएं प्राप्त होंगी।

इस बैठक एवं सम्मान कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष श्री रोशनलाल तथा रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर फ़रीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जयपाल शास्त्री, महासचिव डॉ. अंकुर सिंह एवं सचिव श्री श्याम कुमार ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली फ़रीदाबाद की खिलाड़ी मनीषा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मनीषा की यह उपलब्धि पूरे फ़रीदाबाद और हरियाणा के लिए गर्व का विषय है तथा यह अन्य खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि 20 जून को फ़रीदाबाद में मनीषा के सम्मान एवं भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का सम्मान किया जाएगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी।–

SHYAM KUMAR

SECRETARY

 FARIDABAD YOGASANA SPORTS ASSOCIATION

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *