नई दिल्ली, 16 सितंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के सुचारू रूप से संचालन हेतु यूनिवर्सिटी अधिकारियों, कॉलेजों के प्रिंसिपलों, हॉल्स और हॉस्टलों के प्रोवोस्ट और पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित हुई। डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में डूसू चुनाव की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही चुनाव को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए ज़रूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि डूसू चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होने चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय और इसके शिक्षकों के लिए सभी विद्यार्थी बराबर हैं। कुलपति ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे किसी भी तरह के पक्षपात से बचें। उन्होंने कहा कि डूसू चुनाव शांतिपूर्ण और ठीक-ठाक से हों, इसके लिए सभी संबंधित लोग पूर्ण प्रयास कर रहे हैं।

प्रो. योगेश सिंह ने सभी प्रिंसिपलों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने कॉलेजों में अगले 3-4 दिनों तक सुरक्षा को बढ़ाए रखें। सभी कॉलेज अपने यहां एक-एक शिक्षक को नियुक्त करें, जोकि डूसू चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस के साथ लाइजनिंग का काम करें। कुलपति ने कहा कि चुनाव प्रबंधों में शिक्षकों की भागीदारी ज्यादा से ज्यादा हो, इससे चुनाव अधिक अच्छे से सम्पन्न होंगे। इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी, साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता, कल्चर काउंसिल के अध्यक्ष एवं पीआरओ अनूप लाठर, मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा, मुख्य रिटर्निंग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह और दिल्ली पुलिस की ओर से कई अधिकारियों सहित डीयू के विभिन्न कॉलेजों के प्रिंसिपल, विभागाध्यक्ष और विभिन्न छात्रावासों के प्रोवोस्ट व वार्डन आदि भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान बताया गया कि चुनाव से एक दिन पहले कॉलेजों को ईवीएम में पहुंचाई जाएंगी। ईवीएम भेजने का काम सुबह 08:00 बजे शुरू होगा और इसके लिए तैनात मास्टर ट्रेनर इन्हें पहुंचाएंगे। डूसू चुनाव के लिए वोटिंग 18 सितंबर को होगी। वोटिंग का समय डे-क्लास के लिए सुबह 08:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक और इवनिंग क्लास के लिए दोपहर 03:00 बजे से शाम 07:30 बजे तक है। वोटिंग के बाद, ईवीएम को छात्र प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में उनके बक्सों में सील किया जाएगा और दिल्ली विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पस हॉल (यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम) में जमा किया जाएगा। वोटों की गिनती दिल्ली विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पस हॉल में 19 सितंबर को होगी। चुनाव के दौरान संवेदनशील जगहों पर हिंसा की किसी भी घटना को रोकने के लिए 18 सितंबर तक रात में गश्त जारी रहेगी। वोटिंग के दिन कॉलेजों/विभागों/संस्थानों के बाहर पुलिस गश्त का प्रबंध होगा। इसके अलावा, महिला कॉलेजों में महिला कॉन्स्टेबलों की तैनाती का भी इंतजाम होगा। —

Anoop Lather

Consultant

Media Relations/ PRO

University of Delhi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *