नई दिल्ली, 21 अक्तूबर। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का 103 वां दीक्षांत समारोह 20 नवंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस बार के दीक्षांत समारोह में भारत के गृह मंत्री अमित शाह मुख्यातिथि होंगे। समारोह की अध्यक्षता डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह करेंगे। दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने गुरुवार, 21 अक्तूबर को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर डीयू कुलसचिव डॉ विकास गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा, कल्चर काउंसिल के अध्यक्ष एवं पीआरओ अनूप लाठर और डीन अकादमिक प्रो. के. रत्नाबली सहित विभिन्न कमेटियों के कोऑर्डिनेटर और अधिकारी उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि डीयू के इतिहास में यह पहला अवसर है जब विद्यार्थियों को उसी वर्ष डिग्री प्रदान की जाएगी, जिस वर्ष उन्होंने अपनी डिग्री पूर्ण की है।

उन्होंने कहा कि अक्सर विद्यार्थियों को अपनी डिग्री पूर्ण करने के पश्चात विदेशों में आगे की पढ़ाई अथवा नौकरी में जाने के लिए उसी वर्ष डिग्री की जरूरत होती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उसी वर्ष डिग्री प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। कुलपति ने बताया कि इस बार 85231 स्नातक और 7235 परास्नातक विद्यार्थियों सहित 400 से अधिक पीएचडी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनके अतिरिक्त 163 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, एक विद्यार्थी को सिल्वर मेडल और 34 विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।–

Anoop Lather

Consultant

Media Relations/ PRO

University of Delhi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *