पाकिस्तान के साथ तनाव को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरकारी भवनों, सीवेज और जल उपचार संयंत्रों, अदालतों और विदेशी दूतावासों सहित सभी महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
भारत अपने दुश्मनों को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। गुरुवार रात जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की नापाक हरकत का भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया। हालांकि, सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है, और इसी कारण देश के विभिन्न राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश सहित देश की राजधानी दिल्ली को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। राजधानी में स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय में आज एयर सायरन का परीक्षण किया जाएगा। इस सायरन की टेस्टिंग दोपहर 3 बजे आयोजित होगी। जनता को इस संदर्भ में घबराने से बचने और संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
इमरजेंसी सायरन क्यों बजते हैं
सायरन बजाने का मुख्य उद्देश्य यह होता है कि लोग आपातकालीन परिस्थितियों के लिए पहले से सतर्क और तैयार रहें। सायरन बजते ही तुरंत आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी जाती है। इसी के संदर्भ में दो दिन पहले एक मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई थी। मौजूदा परिस्थिति में, दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात को देखते हुए, दिल्ली में पीडब्लूडी ऑफिस के सायरन की आज दोपहर टेस्टिंग की जानी है।
राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट
देश की राजधानी होने के कारण, दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एहतियात के तौर पर, इंडिया गेट को खाली करा लिया गया है और लोगों से वहां नहीं जाने की अपील की गई है। पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण स्थिति के चलते, दिल्ली में अहम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, सरकारी भवनों, सीवेज और जल उपचार संयंत्रों, अदालतों और विदेशी दूतावासों जैसी महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है। बाजार, रेलवे स्टेशन, मॉल, पार्क और मेट्रो स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गुरुवार रात दिल्ली पुलिस के सभी कर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।