नई दिल्ली, 27 नवंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय अकादमिक परिषद (एसी) की 1028वीं बैठक का आयोजन कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में 27 नवंबर, 2026 को हुआ। बैठक के दौरान कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में दिल्ली विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर पिछले वर्ष के 241वें से स्थान से इस बार 237वें स्थान पर पहुँच गया है।
एशिया में डीयू 36वें स्थान से 30वें स्थान पर और भारत में चौथे से तीसरे स्थान पर आ गया है। प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय का कुल स्कोर 2026 रैंकिंग में 80.9 था वह 2027 रैंकिंग में बढ़कर 84.2 हो गया है। डीयू के 103 वें दीक्षांत समारोह में छात्राओं की अधिक भागीदारी पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कुलपति ने बताया कि इस बार 472 शोधार्थियों को पीएचडी. की डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 245 महिला और 227 पुरुष विद्यार्थी शामिल थे। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि बेटियां आगे बढ़ रही हैं।
बैठक के दौरान कॉलेजों में नियुक्तियों के मुद्दे पर चर्चा करते हुए कुलपति ने कहा कि सभी कॉलेज रिक्त शैक्षणिक पदों पर नियमित आधार पर नियमित नियुक्तियां करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रिंसिपलों से कहा कि 31 मार्च, 2027 तक सभी रिक्त पदों पर नियमित नियुक्तियां की जाएं। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों को लेकर यदि कोई कारण है, तो वह बताया जाए। इसके साथ ही कुलपति ने कहा कि भाव महत्वपूर्ण है; भाव से भावना बनती है कि हमें क्या करना है।
अस्थायी शैक्षणिक नियुक्तियों पर कुलपति ने कहा कि फिर से उसी शोषण व्यवस्था पर नहीं जाया जाए, जिसे वर्षों तक झेला है। विश्वविद्यालय में क्वालिटी रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए कुलपति ने आह्वान किया कि सभी कॉलेज भी दिल्ली विश्वविद्यालय की तरह “रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड्स” शुरू करें। दिल्ली सरकार से संबंधित 12 कॉलेजों में नियुक्तियों को लेकर कुलसचिव डॉ विकास गुप्ता ने जानकारी दी कि इस मामले में काफी प्रगति हुई है। विश्वविद्यालय को आशा है कि जल्द ही समाधान हो जाएगा। बैठक के आरंभ में ज़ीरो ऑवर के दौरान अकादमिक परिषद के सदस्यों ने अनेकों मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और अपने-अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता द्वारा एजेंडा प्रस्तुत किया गया, जिस पर सभी सदस्यों द्वारा चर्चा हुई।
अकादमिक परिषद की इस बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के पाठ्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। गत 14 सितंबर को आयोजित फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज की बैठक में, अध्यादेशों (Ordinances) और पाठ्यक्रम (Course Curriculum) के संबंध में दी गई सिफारिशों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। फैकल्टी ऑफ़ टेक्नोलॉजी द्वारा प्रस्तावित पीएचडी कोर्स वर्क सिलेबस को अकादमिक परिषद द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत जरूरी कोर्स कुल 8 क्रेडिट का होगा। इसमें 4 क्रेडिट रिसर्च मेथोडोलॉजी के लिए होंगे। रिसर्च और पब्लिकेशन एथिक्स के 2 क्रेडिट और इंजीनियरिंग में कम्प्यूटेशनल और एक्सपेरिमेंटल रिसर्च टूल्स के लिए भी 2 क्रेडिट होंगे। वित्त और व्यावसायिक अर्थशास्त्र विभाग (Department of Finance and Business Economics) के पीएचडी कोर्सवर्क पाठ्यक्रम को भी कुछ मामूली बदलावों के साथ स्वीकार कर लिया गया।
‘पोस्टग्रेजुएट करिकुलम फ्रेमवर्क 2024’ (PGCF) के आधार पर, कला संकाय के अंतर्गत हिंदी विभाग में दो-वर्षीय एमए हिंदी पत्रकारिता (सेमेस्टर-IV) और एक-वर्षीय एमए हिंदी पत्रकारिता (सेमेस्टर-II) के पाठ्यक्रमों के साथ ही हिंदी विभाग द्वारा एमए हिंदी पत्रकारिता के अलावा अन्य सभी पीजी प्रोग्रामों के लिए प्रस्तावित ‘जेनेरिक इलेक्टिव कोर्सेज’ समूह को भी स्वीकृति प्रदान की गई। हिंदी विभाग में ‘पी.जी. डिप्लोमा (अंग्रेजी-हिंदी) ट्रांसलेशन प्रोग्राम’ का नाम बदलकर ‘पी.जी. डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन (अंग्रेजी-हिंदी-अंग्रेजी) प्रोग्राम’ करने के प्रस्ताव को भी डीयू अकादमिक परिषद ने स्वीकृति प्रदान की गई।


Anoop Lather
Consultant
Media Relations/ PRO
University of Delhi

