शरद पूर्णिमा 2025: शरद पूर्णिमा की रात केवल चंद्रमा को निहारने का अवसर नहीं है, बल्कि यह अमृत वर्षा करने वाली पवित्र रात भी मानी जाती है. इस विशेष दिन पर श्रद्धा और विश्वास से किए गए उपाय आपके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं. आइए, उन खास उपायों के बारे में विस्तार से जानें.
6 अक्टूबर, आज शरद पूर्णिमा का विशेष दिन है. हिंदू धर्म में इस रात को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है क्योंकि मान्यता है कि इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं के साथ खिलकर धरती पर अमृत की वर्षा करता है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी तिथि पर मां लक्ष्मी का जन्म हुआ था, जिससे यह दिन धन और समृद्धि प्राप्ति के लिए अत्यंत शुभ समझा जाता है.
इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, मां लक्ष्मी और चंद्रदेव की पूजा करने से जीवन में सुख, सौभाग्य और स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है। शरद पूर्णिमा की रात को चंद्रमा धरती के सबसे करीब होता है, जिससे उसकी चांदनी अत्यधिक तेजस्वी और अमृतमयी हो जाती है। ऐसा माना जाता है कि इस रात चंद्रमा की किरणें औषधीय गुणों से भरपूर होती हैं। इसी कारण लोग खीर बनाकर उसे चांदनी में रखते हैं ताकि उसमें उस अमृतमयी ऊर्जा का समावेश हो सके। अगले दिन सुबह वही खीर प्रसाद के रूप में ग्रहण की जाती है। ज्योतिष के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात मां लक्ष्मी और चंद्रदेव से जुड़े विशेष उपाय करने से धन, मानसिक शांति और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। आइए जानते हैं इन खास उपायों के बारे में।
1. खीर का उपाय
शरद पूर्णिमा की रात को चांदनी में खीर रखने की परंपरा का विशेष महत्व है। इस दिन रात के समय दूध और चावल से खीर तैयार करें और उसे रातभर खुले आसमान के नीचे चंद्रमा की रोशनी में रखें। अगली सुबह इस खीर को परिवार के सभी सदस्यों के साथ प्रसाद के रूप में ग्रहण करें। माना जाता है कि ऐसा करने से घर में सुख-शांति, सौभाग्य और समृद्धि का आगमन होता है।
2. चंद्रदेवता को दें अर्घ्य
आर्थिक परेशानियों को दूर करने के लिए चंद्रमा को जल अर्पित करना लाभदायक हो सकता है। इसके लिए एक लोटे में स्वच्छ जल, थोड़े चावल और कुछ फूल डालें। इसके बाद चंद्रमा की ओर मुख करके “ऊं सोमाय नम” मंत्र का उच्चारण करते हुए अर्घ्य प्रदान करें। यह उपाय न केवल आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक संतुलन को भी बनाए रखता है।
3. तनाव के लिए उपाय
चंद्रमा को मन का कारक ग्रह माना जाता है, इसीलिए शरद पूर्णिमा की रात को चंद्र दर्शन करना और उसकी चांदनी में कुछ समय गुजारना अत्यंत शुभ माना गया है। इस अवसर पर चंद्रमा के सामने हाथ जोड़कर “ऊं सोमाय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करने का विशेष महत्व है। यह सरल उपाय मानसिक तनाव, चिंता और अशांति को कम करके मन को स्थिर और शांत बनाने में सहायक होता है।
4. आर्थिक समस्या के लिए उपाय
शरद पूर्णिमा की रात को मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व होता है। इस अवसर पर रात के समय मां लक्ष्मी के सामने घी का चौमुखी दीपक प्रज्वलित करें, उन्हें सफेद फूल अर्पित करें और “ऊं श्रीं ह्रीं क्लीं श्री सिद्ध लक्ष्म्यै नमः” मंत्र का जाप करें। इस विधि को धन-संपत्ति में बढ़ोतरी, अटके हुए कार्यों में सफलता और जीवन में स्थायी समृद्धि प्राप्त करने के लिए अत्यधिक प्रभावकारी माना गया है।
शरद पूर्णिमा पर चंद्रमा में खीर रखने का मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, खीर रखने का शुभ मुहूर्त 6 अक्टूबर को रात 10:37 बजे से शुरू होकर 12:09 बजे तक रहेगा। इसे सबसे लाभकारी और शुभ समय माना जा रहा है।

