लखीसराय में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इस मामले में विजय सिन्हा ने आरजेडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान चल रहा है। इसी दौरान, राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। लखीसराय में वोटिंग के दौरान हुए हंगामे में यह हमला हुआ। इस पर विजय सिन्हा ने आरजेडी पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके कार्यकर्ताओं ने इस हमले को अंजाम दिया। उन्होंने टिप्पणी की कि आरजेडी अभी सत्ता में आई भी नहीं है और उनकी गुंडागर्दी शुरू हो गई है।
यह घटना लखीसराय जिले के खोरियारी गांव में हुई। आरोप है कि आरजेडी समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री की गाड़ी को आगे बढ़ने से रोक दिया। मतदान के दिन जब विजय कुमार सिन्हा खोरियारी गांव पहुंचे, तो आरजेडी समर्थकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। इस दौरान उनके काफिले पर चप्पलें फेंकी गईं, पत्थरबाजी की गई और “मुर्दाबाद” के नारे भी लगे।
प्रमुख नेताओं ने किया मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ समेत कई दिग्गज नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 42.31 प्रतिशत ने अपने वोट डाले। गोपालगंज जिले में सबसे अधिक 46.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि लखीसराय में 46.37 प्रतिशत और बेगूसराय में 46.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह नगर बख्तियारपुर में मतदान किया। उन्होंने सोशल प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि मतदान केवल लोकतंत्र में नागरिकों का अधिकार नहीं है, यह उनका कर्तव्य भी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में अपना वोट डालने के बाद कहा कि नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जो परिवर्तन सामने आ रहा है, वह लंबे समय के परिश्रम का नतीजा है, और विकास के लिए मतदान करना आवश्यक है। वहीं, लखीसराय में वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुर्का पहने महिलाओं की पहचान की जांच को ‘वोट चोरी’ रोकने के लिए जरूरी बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धार्मिक पक्षपात नहीं है। उनका कहना था कि हम पाकिस्तान में नहीं रहते हैं। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि न बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी और न यहां शरीयत कानून लागू होगा।

