Virat Kohli, IND vs SA 1st ODI: रांची के मैदान पर विराट कोहली ने अपने बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया. कोहली ने इस मैदान पर तीसरी बार वनडे इंटरनेशनल में शतक बनाने का शानदार कारनामा किया. इस दौरान उन्होंने रोहित शर्मा के साथ बेहतरीन शतकीय साझेदारी निभाई.
रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में 30 नवंबर (रविवार) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने दमदार प्रदर्शन किया. पूर्व कप्तान कोहली ने 102 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से अपना शानदार शतक पूरा किया. उन्होंने 38वें ओवर में मार्को जानसेन की 5वीं गेंद पर चौका लगाकर यह मील का पत्थर छुआ. अपनी पारी के दौरान कोहली ने कुल 120 गेंदों का सामना करते हुए 135 रन बनाए. इस बेहतरीन पारी में उन्होंने 11 चौके और 7 छक्के लगाए, जिससे भारतीय टीम को मजबूती मिली.
विराट कोहली के वनडे इंटरनेशनल करियर का यह 52वां शतक है. वह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का वह रिकॉर्ड तोड़ा है, जिसमें उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक बनाए थे.
किंग कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर में शतकों की संख्या बढ़कर 83 हो चुकी है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 30 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1 शतक जमाया है। कोहली ने पिछला शतक इस साल 23 फरवरी को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी के मुकाबले में बनाया था। उस मैच में कोहली ने नाबाद 100 रन बनाते हुए भारत को जीत दिलाई थी।
विराट कोहली ने अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल शतक (6) लगा दिए हैं, जिससे उन्होंने सचिन तेंदुलकर और डेविड वॉर्नर के पांच-पांच शतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
भारतीय मैदानों पर सर्वाधिक ODI शतक लगाने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें तो:
– विराट कोहली ने रांची में 5 पारियों में 3 शतक लगाए।
– सचिन तेंदुलकर ने वडोदरा में 7 पारियों में 3 शतक जमाए। – विराट कोहली ने विशाखापत्तनम में भी 7 पारियों में 3 शतक बनाए।
– पुणे के मैदान पर विराट कोहली के खाते में 8 पारियों में 3 शतक दर्ज हैं। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में कोहली का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है।
इस मैदान पर वनडे इंटरनेशनल में यह उनका तीसरा शतक था। कोहली ने यहां अब तक कुल 5 पारियां खेली हैं, जिनमें 500 से अधिक रन बना चुके हैं। तीन शतकों के साथ-साथ एक अर्धशतक भी उनके नाम है। रांची वनडे में कोहली और रोहित शर्मा के बीच दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। यह दोनों का वनडे इंटरनेशनल में 20वां ऐसा मौका था, जब उन्होंने एक साथ 100 या उससे ज्यादा रन जोड़े। रोहित शर्मा ने इस मैच में 51 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिनमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही कोहली और रोहित की जोड़ी ने एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह जोड़ी अब भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में साथ खेलने वाली जोड़ी बन गई है। रांची ODI उनका एकसाथ 392वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। इस उपलब्धि के साथ इन दोनों ने सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने एकसाथ 391 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।

