लखनऊ: सपा के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का आज निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। उनके पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर लाया गया है। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भी अब घर पहुंच चुकी हैं। बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव के निधन के समय अपर्णा यादव लखनऊ में मौजूद नहीं थीं। वह असम से लखनऊ वापस आई हैं।

प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के पिपरा घाट पर गुरुवार को संपन्न होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विधि उसी दिन पूरी की जाएगी। प्रतीक के घर पर पारिवारिक सदस्यों और पार्टी नेताओं का जुटान शुरू हो चुका है। उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचने के बाद चाचा शिवपाल सिंह यादव भी वहां पहुंचे हैं। इसके अलावा, प्रतीक की भाभी और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी मौके पर मौजूद हैं। घर के बाहर भारी संख्या में लोग और समाजवादी पार्टी के नेताओं की आवाजाही जारी

पोस्टमार्टम के बाद प्रतीक यादव का शव उनके घर लाया गया। प्रतीक यादव का आज सुबह निधन हो गया था। उन्हें घर में अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। चिकित्सकीय जांच के लिए चार डॉक्टरों की टीम ने उनका पोस्टमार्टम किया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान अखिलेश यादव भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धांजलि देंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके घर जाएंगे।

अखिलेश यादव ने अपने छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बचपन से प्रतीक का स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर रुचि थी और वे जीवन में आगे बढ़कर सार्थक योगदान देने के इच्छुक थे। अखिलेश यादव ने बताया कि लगभग दो महीने पहले उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। उन्होंने उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की सलाह दी थी। अखिलेश ने यह स्वीकार किया कि कभी-कभी व्यापार में नुकसान के कारण व्यक्ति तनावग्रस्त हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून के मुताबिक हर प्रक्रिया का पालन किया जाएगा और परिवार की इच्छाओं का सम्मान किया जाएगा। प्रतीक यादव के निधन को उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर अत्यंत दुखद बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *