West Bengal Election Result 2026 Live: पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना प्रक्रिया तेजी से जारी है, और शुरुआती रुझान सामने आने शुरू हो गए हैं। अब तक के आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी ने बहुमत के लिए जरूरी 148 सीटों के जादुई आंकड़े को पार कर लिया है। दोपहर तक नतीजे और अधिक स्पष्ट हो सकते हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए थे।
पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि दूसरे चरण के लिए वोटिंग 29 अप्रैल को पूरी हुई। मतदान समाप्त होने के बाद आज मतगणना का दिन है और सभी की नजरें परिणामों पर टिकी हैं। इस चुनाव में एक तरफ तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी अपनी सत्ता बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने का सपना साकार करने की कोशिश में जुटी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार राज्य की सत्ता पर कौन कब्जा करेगा।
पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के बजाय केवल 293 सीटों पर मतगणना हो रही है। इसकी वजह दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान आई गड़बड़ी है। पिछले दिनों इस सीट पर अनियमितताओं की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने शनिवार को सड़कों पर प्रदर्शन किया और टीएमसी कार्यकर्ताओं की कथित गतिविधियों को उजागर किया। स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए 29 अप्रैल को हुई वोटिंग को अमान्य घोषित कर दिया। आयोग ने इस सीट पर पुनर्मतदान करवाने का निर्णय लिया है, जो अब 21 मई को होगा, जबकि नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान संपन्न हुआ। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला। चुनावी अनियमितताओं की सूचनाएं मिलने के बाद निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इन बूथों पर पुनर्मतदान कराने का निर्देश दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि यह आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्टों के आधार पर जारी किया गया।

