स्टार्टअप पॉलिसी के तहत 500 करोड़ खर्च करेगी दिल्ली सरकार: सीएम रेखा गुप्ता

डीयू परिसर में भी खुलेगी अटल कैंटीन,5 रुपए में मिलेगा भोजन: रेखा गुप्ता

विकसित भारत के लिए हमें चाहियें सैंकड़ों बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ: प्रो. योगेश सिंह  

नई दिल्ली, 16 जुलाई। दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज के वर्षभर चलने वाले डायमंड जुबली समारोह का शुभारंभ गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कनवेशन हाल में हुई। इस ‘कर्टेन रेजर सेरेमनी’ में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित रही जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने की। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह कॉलेज की स्थापना के 60 वर्षों पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री श्रीमति रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने स्टार्टअप पॉलिसी के तहत 500 करोड़ रुपए इन्वेस्ट करने की योजना बनाई है। डीयू कुलपति ने अपने अध्यक्षयीय भाषण में कहा कि विकसित भारत के लिए हमें सैंकड़ों बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ भारत से चाहियें, ऐसी कंपनियों को बनाने वाले मन विश्वविद्यालयों को तैयार करने हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जानकारी देते हुए बताया कि 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में डीयू परिसर में अटल कैंटीन का उद्घाटन किया जाएगा। इसमें 5 रुपए में भरपूर भोजन का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि डीयू के लिए ‘यू स्पेशल’ बसों के रूट बढ़ाकर 50 किए जाएंगे। श्रीमती रेखा गुप्ता ने शिक्षा के बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि दिल्ली में शिक्षा की सुविधाओं को इस स्तर पर ले जाना है कि हमारे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े, बल्कि देश में ही हर विश्वस्तरीय सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि दिल्ली को बेहतर शिक्षा के हब के रूप में विकसित करने का विचार है। दिल्ली में बाहर से पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को रहने की समस्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हम दिल्ली सरकार की ओर से अच्छे हॉस्टल बना कर दें। श्रीमति रेखा गुप्ता ने कॉलेजों द्वारा सामुदायिक गतिविधियों में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कॉलेज आपे आसपास की बस्ती से जुड़े ताकि वहाँ के बच्चों को भी उड़ान मिल सके।  

डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने अपने संबोधन में कॉलेज परिवार को बधाई देते हुए कॉलेज की हालिया उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह महाविद्यालय ने एनआईआरएफ (NIRF) रैंकिंग में 101 वें स्थान से लंबी छलांग लगाकर 39 वां स्थान प्राप्त किया है, जो पूरी टीम के कड़े परिश्रम का परिणाम है। प्रो. सिंह ने कहा कि 60 वर्ष का समय केवल कालखंड नहीं होता, बल्कि यह एक समृद्ध परंपरा और संस्कृति बन जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि ‘यही सही समय है’ जब हमें भारत को वैश्विक पटल पर सर्वश्रेष्ठ भारत बनाना है। कुलपति ने उपस्थित विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों से आग्रह किया कि वे अपने संस्थानों में बिजनेस इनक्यूबेटर स्थापित करें ताकि विश्वविद्यालय ऐसे मस्तिष्कों को तैयार कर सके जो उद्योगों का निर्माण कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीद भगत सिंह की ‘जेल डायरी’ पढ़ने का विशेष आग्रह किया और कहा कि यह डायरी युवाओं में राष्ट्रभक्ति की सच्ची प्रेरणा जगाएगी।

कार्यक्रम के आरंभ में एक विशेष वीडियो के माध्यम से सभी अतिथियों को कॉलेज की छह दशकों की यात्रा का ‘वर्चुअल टूर’ कराया गया। इसके पश्चात कॉलेज के एसबीएस प्रिंसिपल अरुण कुमार अत्री ने सभी आगंतुकों को डायमंड जुबली की बधाई देते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह डायमंड जुबली आयोजन केवल अतीत की उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह कॉलेज के स्वर्णिम भविष्य की रूपरेखा तैयार करने का भी एक ऐतिहासिक पड़ाव है। समारोह समापन पर कार्यक्रम के मुख्य संयोजक प्रो. वरिंदर कुमार ने सभी सम्मानित अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।–

Anoop Lather

Consultant

Media Relations/ PRO

University of Delhi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *