DTC भाई दूज के अवसर पर गुलाबी पेपर टिकटों की बजाय सहेली स्मार्ट कार्ड को लॉन्च कर रहा है। इस कदम से दिल्ली की महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को स्थाई रूप से मुफ्त यात्रा सुविधा मिलेगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और KYC प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।

दिल्ली की महिलाओं को इस बार भाई दूज का एक खास तोहफा मिलने वाला है, जो उनकी सरकारी बसों में यात्रा को और आरामदायक बनाएगा। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) जल्द ही महिलाओं के लिए स्मार्ट कार्ड शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस कार्ड की मदद से महिलाएं दिल्ली की सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। फिलहाल, फ्री यात्रा के लिए उन्हें जीरो वैल्यू वाला पिंक टिकट लेना पड़ता है, लेकिन स्मार्ट कार्ड लॉन्च होने के बाद यह प्रक्रिया भी खत्म हो जाएगी। खास बात यह है कि यह कार्ड ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए भी मान्य होगा।

अधिकारियों के अनुसार, दिवाली के तुरंत बाद या संभवतः भाई दूज के अवसर पर, जैसे ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मंजूरी मिलेगी, इस योजना को लॉन्च कर दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि योजना की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अधिकांश बसों में कार्ड-रीडिंग मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं।

पिंक टिकट की जगह लेगा ‘सहेली स्‍मार्ट कार्ड’ 

नए डिजिटल कार्ड को ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’ के नाम से पहचाना जाएगा। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिंक स्मार्ट कार्ड के लिए बैकएंड इंटीग्रेशन पूरा कर लिया गया है। यह स्मार्ट कार्ड मौजूदा व्यवस्था में उपयोग किए जा रहे गुलाबी पेपर टिकट की जगह लेगा। दिलचस्प है कि इस व्यवस्था की शुरुआत दिल्ली सरकार ने 2019 में भाई दूज के अवसर पर की थी, जब महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी।

यह स्मार्ट कार्ड एक स्थाई यात्रा पास के रूप में कार्य करेगा और इसे शहर में सार्वजनिक परिवहन को डिजिटाइज करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बताया गया है कि यह स्मार्ट कार्ड जीवनभर मान्य होगा, जिससे महिलाएं बिना समय या उपयोग की किसी सीमा के दिल्ली सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। हालांकि, यह सुविधा केवल दिल्ली की निवासी महिलाओं के लिए ही उपलब्ध होगी।

ऐसे सहेली कार्ड पा सकती हैं महिलाएं 

महिलाओं को सहेली स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए DTC पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। यह कार्ड केवल एक निर्दिष्ट बैंक द्वारा पूर्ण KYC सत्यापन के बाद ही जारी किए जाएंगे। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी कार्ड डीटीसी काउंटरों पर सीधे जारी नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि डीटीसी के स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली (automated fare collection system) के माध्यम से सक्रियता के बाद, महिला यात्री अब पेपर टिकट की आवश्यकता के बिना, केवल कार्ड टैप करके यात्रा कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *