Delhi-NCR AQI Level Today: दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह घने स्मॉग और हल्के कोहरे की परत छाई रही, जिससे दृश्यता घट गई और लोगों को सांस लेने में कठिनाई और आंखों में जलन की परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के कई हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 के करीब पहुंच गया है।

राजधानी में हवा की धीमी गति और प्रतिकूल मौसम स्थितियों के कारण रविवार को वायु गुणवत्ता इस साल के अब तक के सबसे खराब स्तर पर पहुंच गई। सुबह का आगाज घने धुंध और कोहरे से हुआ, जबकि आसमान में छाए गहरे स्मॉग की वजह से दृश्यता काफी कम रही। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई हुई और अधिकांश लोग मास्क पहने नजर आए। इसके अलावा, कई लोगों ने आंखों में जलन की शिकायत भी की। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, रविवार सुबह राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 462 दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अलीपुर का एक्यूआई 439, आनंद विहार का 491, अशोक विहार का 493, आया नगर का 447, बवाना का 495, बुराड़ी का 473 और चांदनी चौक का 462 रिकॉर्ड किया गया है।
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। डीटीयू में एक्यूआई 493 दर्ज किया गया, वहीं द्वारका सेक्टर 8 में यह आंकड़ा 454, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 इलाके में 411, आईटीओ में 482, जहांगीरपुरी में 495 और लोधी रोड पर 401 रहा। इसके अतिरिक्त, मुंडका में 486, नजफगढ़ में 411, पंजाबी बाग में 475, रोहिणी में 499, विवेक विहार और सोनिया विहार में क्रमश: 495 और 483, आरकेपुरम में 472 और वजीरपुर में 493 दर्ज किया गया।

गाजियाबाद भी प्रदूषण से अछूता नहीं रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने वसुंधरा में एक्यूआई 482, संजय नगर में 419 और इंदिरापुरम में 476 दर्ज किया। इसी तरह नोएडा के कई इलाकों में भी एक्यूआई 400 पार हो गया। सेक्टर 125 में यह आंकड़ा 456, सेक्टर 1 इलाके में 488, सेक्टर 62 में 432 और सेक्टर 116 में 499 पहुंचा।

गुरुग्राम में एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी पर एक्यूआई 406 रिकॉर्ड किया गया, जबकि टेरी ग्राम में यह आंकड़ा 343 और विकास सदन क्षेत्र में 293 रहा। फरीदाबाद के सेक्टर 30 ने अपेक्षाकृत कम एक्यूआई स्तर का प्रदर्शन किया, जहां इसे 108 दर्ज किया गया। हालांकि, न्यू इंडस्ट्रियल टाउन में एक्यूआई 183 और सेक्टर 11 में 369 तक पहुंच गया।

दिल्ली की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए प्रदूषण प्रबंधन आयोग ने शनिवार शाम ग्रेप स्टेज-4 लागू कर दिया। शनिवार सुबह ही स्टेज-3 की पाबंदियां घोषित की गई थीं। अब दिल्ली में ग्रेप स्टेज-1, स्टेज-2, स्टेज-3 और स्टेज-4 की सभी पाबंदियां लागू हो चुकी हैं। खराब मौसम, धीमी हवा और स्थिर वातावरण के कारण प्रदूषक तत्व फैल नहीं सके और स्थिति और खराब हो गई। इस आपात स्थिति से निपटने के लिए एनसीआर के प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को निर्देशित किया गया है कि वे अतिरिक्त कदम उठाकर हालात सुधारने का प्रयास करें। लोगों से अपील की गई है कि वे ग्रेप के सिटीजन चार्टर का पालन करें। नागरिकों को छोटे सफर के लिए पैदल या साइकिल चलाने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, कारपूलिंग करने और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही कोयला या लकड़ी जलाने से बचने का आग्रह किया गया है। सुरक्षाकर्मियों को इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

दिल्ली सरकार ने स्कूलों में हाइब्रिड मोड में पढ़ाई का फैसला लिया है। नौवीं कक्षा तक के छात्रों को ऑनलाइन विकल्प के साथ स्कूल आने का मौका मिलेगा। साथ ही सरकारी और निजी कार्यालयों को भी 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ संचालित करने के आदेश दिए गए हैं। बाकी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से वर्क फ्रॉम होम करना होगा। इन निर्देशों को तुरंत लागू करने का आदेश दिया गया है ताकि हालात पर नियंत्रण पाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *