टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। शुभमन साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन खराब फॉर्म की वजह से वह वर्ल्ड कप स्क्वॉड से बाहर हो गए। अब शुभमन गिल ने पहली बार टी20 विश्व कप के लिए टीम में चयन न होने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले पहले वनडे से पहले शुभमन गिल ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हुए भारतीय टीम को आगामी टी20 विश्व कप के लिए शुभकामनाएं दीं। हाल ही में शुभमन का टी20 फॉर्म अस्थिर रहा, जिसकी वजह से चयनकर्ताओं ने टीम संयोजन का हवाला देते हुए उन्हें विश्व कप टीम में शामिल नहीं किया। उनकी जगह अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि सूर्यकुमार यादव टीम की कप्तानी संभालेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शुभमन गिल ने कहा कि वे चयनकर्ताओं के निर्णय का सम्मान करते हैं और खुद को वहीं पाते हैं, जहां उन्हें होना चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जो उनकी किस्मत में लिखा है, उसे कोई नहीं छीन सकता। शुभमन ने कहा, “एक खिलाड़ी हमेशा देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता है और चयनकर्ताओं द्वारा लिया गया निर्णय उनके लिए स्वीकार्य है।”
ROKO पर रहेंगी निगाहें हालांकि फिलहाल सभी की नजरें टी20 विश्व कप पर टिकी हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा का जलवा देखने को मिलेगा। दोनों अनुभवी बल्लेबाजों ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़े स्कोर बनाए, यह दर्शाते हुए कि उनका दबदबा अभी भी कायम है। शुभमन गिल की वापसी का असर यशस्वी जायसवाल पर पड़ सकता है। जायसवाल ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में अपना पहला वनडे शतक जड़ा था। लेकिन टीम मैनेजमेंट शुभमन को ओपनर के रूप में भेजना चाहती है, जिससे जायसवाल को अपनी पोजिशन छोड़नी पड़ सकती है। श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी से भारतीय बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता आने की उम्मीद है। श्रेयस नंबर चार की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। वहीं, केएल राहुल निचले क्रम में विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभाते रहेंगे, जिससे ऋषभ पंत को प्लेइंग-11 में जगह मिलने की संभावना कम हो सकती है।

