शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए गुरुवार का दिन काफी निराशाजनक साबित हुआ। शुरुआत में तेज़ी के साथ कारोबार शुरू हुआ, लेकिन अचानक बाजार की दिशा बदल गई। खासकर कारोबार के अंतिम घंटे में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बाजार में बड़ा उथल-पुथल हो गया और मार्केट क्रैश कर गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1200 अंकों से अधिक गिरकर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 365 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ क्लोज हुआ। इस भारी गिरावट की वजह से निवेशकों को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा।

सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट दर्ज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक मिजाज के साथ हुई थी, जहां दोनों प्रमुख इंडेक्स ग्रीन जोन में खुले। कुछ समय के लिए बाजार में तेजी देखने को मिली, लेकिन जल्दी ही सेंसेक्स और निफ्टी ने गति खो दी और दिनभर के कारोबार के दौरान लगातार गिरावट का सामना किया। बीएसई सेंसेक्स ने 83,969 के स्तर से शुरुआत की, लेकिन अंत में 1236.11 अंक टूटकर 82,498 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिन यह 83,734.25 पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई निफ्टी ने 25,873 के स्तर पर ओपनिंग की, लेकिन बाजार खत्म होने पर यह 365 अंकों की गिरावट के साथ 25,454.35 पर पहुंच गया। बुधवार को पिछला बंद स्तर 25,819 रहा था।

निवेशकों को ₹7 लाख करोड़ का नुकसान गुरुवार को शेयर बाजार में आए भारी उतार-चढ़ाव का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा, जिससे उनका 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो गया. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. यह मार्केट कैप पिछले कारोबारी दिन के 472 लाख करोड़ रुपये से घटकर लगभग 465 लाख करोड़ रुपये पर आ गया.

शेयर बाजार में आज व्यापक गिरावट देखने को मिली, जहां बैंकिंग, मेटल, ऑटो और अन्य सेक्टर्स की कंपनियों के ज्यादातर शेयरों में भारी बिकवाली हुई। इस गिरावट ने पिछले तीन दिनों से जारी तेजी के सिलसिले को थाम लिया। सेंसेक्स और निफ्टी में हुए तेज नुकसान का मुख्य कारण मुनाफावसूली रहा, जिसने दोनों इंडेक्स को संभलने का मौका नहीं दिया। इसके साथ ही IT स्टॉक्स में बिकवाली और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण क्रूड ऑयल की कीमतों में आई बढ़ोतरी को भी इस गिरावट का अहम कारण माना जा रहा है।

रिलायंस और अडानी ग्रुप के शेयरों पर पड़ा असर बाजार की इस भारी गिरावट ने मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज से लेकर गौतम अडानी की अडानी पोर्ट्स जैसी प्रमुख कंपनियों को भी प्रभावित किया। इन कंपनियों के शेयर कमजोर प्रदर्शन करते नजर आए। लार्जकैप कैटेगरी में सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाले शेयरों में IndiGo (3.23%), M&M (2.97%), Trent (2.89%), BEL (2.70%), Adani Ports (2.50%), Kotak Bank (2.29%) और Reliance (2.11%) शामिल रहे। मिडकैप कैटेगरी में भी दबाव देखा गया, जहां Hindustan Petroleum (4.95%), Paytm (4.51%) और Godrej Properties (3.50%) के शेयरों में बड़ी गिरावट के साथ कारोबार खत्म हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *