नई दिल्ली, 19 अगस्त। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों में 500 से अधिक सीसी कैमरों के साथ मुख्य मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है। यह जानकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद सहित दिल्ली विश्वविद्यालय प्रॉक्टर ऑफिस की टीम भी उपस्थित रही।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि डूसू चुनाव के दौरान लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पूरी कड़ाई के साथ पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के सहयोग से विश्वविद्यालय के सभी मार्गों पर गाड़ियों पर सख्त नज़र रखी जा रही है। एक महीने की मेहनत के परिणाम सही आ रहे हैं, और गाड़ियों के जमावड़े पर लगाम लगी है। प्रो. मनोज कुमार सिंह ने कहा डिफ़ेसमेंट (विरूपण) की भी कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है। डीयू की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर सामूहिक मुहिम चलाई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। विद्यार्थियों को समझाया है कि नियमों का पालन न करने पर नॉमिनेशन भी कैंसिल हो सकता है और चुनाव भी कैंसिल हो सकता है। प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए छपे हुए (प्रिंटेड) पर्चे या पोस्टरों पर पूर्ण प्रतिबंध है। हाथ से लिखे पोस्टर विश्वविद्यालय परिसर में केवल ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ पर ही लगाए जा सकते हैं। उन्होंने सभी 54 कॉलेजों के प्रिंसिपलों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने कॉलेजों में 10 X10 फुट की 2-2 ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ बनाएं जिनमें से एक डूसू के लिए और एक कॉलेज कमेटी के लिए हो।
केवल 5 विद्यार्थी ही जा सकते हैं चुनाव प्रचार पर
प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए 5 से अधिक विद्यार्थी नहीं जा सकेंगे। लड़कियों के कॉलेज में केवल लड़कियां ही जा सकेंगी। उम्मीदवारों की गाड़ियों में शराब अथवा मादक पदार्थ पाए जाने पर तुरंत नॉमिनेशन कैंसल होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान और चुनाव के पश्चात भी डीयू प्रशासन लड़कियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। डीयू के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों के निकट के पीजी एरिया में भी अराजक तत्वों पर नज़र रखी जाएगी। इसके लिए एनसीसी और एनएसएस के कैडेटों को भी मुहिम में शामिल किया जाएगा। प्रॉक्टर ने कहा कि हम किसी को सजा देना नहीं चाहते, हमारा उद्देश्य लिंगदोह कमेटी के अनुरूप डीयूएसयू चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से करवाना है।
मुस्तैदी से जांच कर रही है पुलिस: राजेंद्र प्रसाद
पत्रकार वार्ता के दौरान मौजूद दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी संभावित उम्मीदवार कम से कम वाहन इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की सब पर पैनी नज़र है। जो भी क़ानूनों की उल्लंघना करेगा उसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। काले सीसों से लेकर वाहनों की गलत पार्किंग तक पर पुलिस की पैनी नज़र है। नियम और क़ानूनों की उलंघना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि डूसू चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें। पत्रकारों के प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस पूरी नज़र रखे हुए है। दिल्ली पुलिस का साइबर क्राइम सेल पूरी निगरानी रख रहा है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि पुलिस वर्दी में भी और बिना वर्दी के भी तैनात होगी; जैसी स्थिति होगी, उसी के अनुरूप फोर्स की व्यवस्था की जाएगी। —


Anoop Lather
Consultant
Media Relations/ PRO
University of Delhi

