- संस्थान को और विकसित करने का दिया भरोसा
नई दिल्ली, 15 अक्तूबर (नवोदय टाइम्स) : दिल्ली सरकार ने मुख्य सचिव ने शनिवार को दिलशाद गार्डन स्थित मानव व्यवहार और संबद्ध विज्ञान संस्थान (इहबास) का दौरा किया। दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव नरेश कुमार का इस अस्पताल में यह पहला दौरा था।
अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. राजेंद्र धमीजा के मुताबिक इहबास में उन्हें मेंटल वीक प्रोगाम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। उन्होंने अस्पताल का जायजा भी लिया।

इस अवसर पर एक अनौपचारिक बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्य सचिव को इहबास के वर्तमान स्थिति और सुविधाओं के बारे में प्रजेन्टेशन के माध्यम से अवगत कराया गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से संस्थान को और अधिक विकसित करने से संबंधित जरूरतों की जानकारी दी गई।
मुख्य सचिव ने अस्पताल प्रशासन को भरोसा दिया है कि वह संस्थान को और अधिक सक्षम और विकसित करने में हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे। यहां बता दें कि इहबास दिल्ली सरकार द्वारा संचालित राजधानी के प्रमुख और आधुनिक मानव व्यवहार और संबद्ध विज्ञान संस्थान है।
यहां मनोरोग, मानसिक रोग, न्यूरो और नशामुक्ति उपचार की उत्तम व्यवस्था है। यह अस्पताल मानसिक रोगों के उपचार और मनोरोगियों के पुर्नवास के लिए भी जाना जाता है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में स्थित इस अस्पताल में दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, बिहार सहित कई अन्य राज्यों से मरीज उपचार के लिए आते हैं।