छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक गंभीर विमान दुर्घटना घटी। आरा पहाड़ से टकराने के कारण एक चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। इस दुखद घटना में विमान के पायलट और को-पायलट के निधन की पुष्टि हुई है। प्रशासन अभी यह पता लगाने में जुटा है कि विमान में कोई अन्य यात्री सवार थे या नहीं।

सूत्रों के मुताबिक, चार्टर्ड विमान आरा पहाड़ के ऊपर से उड़ान भरते वक्त पहाड़ की चोटियों से टकरा गया। इस टक्कर के बाद विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घटनास्थल के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसएसपी लाल उम्मेद सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम की निगरानी में राहत और बचाव कार्य जारी है।

हवा में साढ़े तीन घंटे फंसी फ्लाई91 की उड़ान

एक अन्य घटना में, क्षेत्रीय विमानन कंपनी फ्लाई91 की एक उड़ान, जो तेलंगाना के हैदराबाद से कर्नाटक के हुबली जा रही थी, खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की तरफ मोड़नी पड़ी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। रविवार को यह उड़ान करीब साढ़े तीन घंटे तक हवा में बनी रही, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। कुछ यात्री तो रोने लगे और अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने लगे। सूत्रों के अनुसार, यह उड़ान दोपहर तीन बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी और शाम करीब साढ़े चार बजे हुबली पहुंचने वाली थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *