नई दिल्ली, 01 अक्तूबर। राष्ट्रव्यापी अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा’ (एसएचएस) के तहत दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की। डीयू परिसर में यह अभियान सुबह 7:30 बजे ग्वायर हॉल हॉस्टल के पास स्थित गोलचक्कर से शुरू हुआ और कमला नेहरू रिज (बोंटा) की ओर आगे बढ़ा। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता अपनी टीम के साथ कैंपेन में शामिल हुई। सभी प्रतिभागी पीजी मेन्स हॉस्टल और यूनिवर्सिटी गेस्ट हाउस होते हुए कमला नेहरू रिज (बोंटा) की ओर बढ़े तथा पूरे रास्ते में सफाई अभियान चलाया। डीयू परिसर के अलावा विश्वविद्यालय के गेट नंबर एक के सामने स्थित कमला नेहरू रिज को भी इस अभियान में शामिल किया गया।
इस दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, सीओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो, एमसीडी नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर श्वेता नागरकोटी, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह और गांधी भवन के निदेशक प्रो. के. पी. सिंह, डीयू के अनेकों शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और डूसू पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने अभियान में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान एमसीडी कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद रहे। अभियान के आरंभ में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के साथ सभी ने स्वच्छता की शपथ भी ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के नोडल अधिकारी प्रो. के. पी. सिंह ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ (एसएचएस) अभियान मना रहा है। इस अभियान का थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है और इसका नारा “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” है। —
Anoop Lather
Consultant
Media Relations/ PRO
University of Delhi





