साइबर फ़्राड के प्रति अपने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर संजीदा है दिल्ली विश्वविद्यालय: डॉ विकास गुप्ता
नई दिल्ली, 13 जुलाई।
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) एवं इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C), गृह मंत्रालय, भारत सरकार के मध्य एक सम्झौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर डीयू कुलसचिव डॉ विकास गुप्ता ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय साइबर फ़्राड के प्रति अपने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर संजीदा है। हमारे संगयन में ऐसे मामले आते हैं कि जिनमें कई बार छात्राएं (खासकर कमजोर वर्ग से सबंधित) डिजिटली बुलिंग और डिजिटल फ़्राड की शिकार होती हैं। एक छोटी सी गलती बहुत बड़ा नुकसान कर सकती है। ऐसे मामलों को ध्यान में रखते हुए हमने ये एमओयू किया है।
डॉ विकास गुप्ता ने कहा कि इस एमओयू का उद्देश्य दिल्ली विश्वविद्यालय में साइबर अपराध की रोकथाम, साइबर हाइजीन, साइबर जागरूकता, क्षमता निर्माण, शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान, इंटर्नशिप तथा छात्र सहभागिता को बढ़ावा देना है। इस समझौता ज्ञापन पर दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. विकास गुप्ता, कुलसचिव (Registrar) तथा I4C की ओर से निशांत कुमार, निदेशक, इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C), गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के निदेशक निशांत कुमार ने कहा कि यह साझेदारी दिल्ली विश्वविद्यालय एवं I4C की सुरक्षित, जागरूक एवं डिजिटल रूप से सशक्त समाज के निर्माण तथा युवाओं में उत्तरदायी डिजिटल नागरिकता को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दिल्ली विश्वविद्यालय कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो. संजीव सिंह कहा कि इस सहयोग के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएँ, सेमिनार, हैकाथॉन, छात्र प्रतियोगिताएँ, इंटर्नशिप, साइबर वालंटियर कार्यक्रम, अनुभवात्मक शिक्षण तथा यूजीसी द्वारा अधिसूचित साइबर सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता पाठ्यक्रमों के प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न संयुक्त गतिविधियां आयोजित की जाएँगी। साथ ही, साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में ज्ञान-विनिमय, नवाचार एवं संस्थागत सहयोग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह में डीयू की डीन अकादमिक प्रो. के. रत्नाबली सहित दिल्ली विश्वविद्यालय एवं इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।–


Anoop Lather
Consultant
Media Relations/ PRO
University of Delhi

