अपने भावुक गीतों और दिल को छू लेने वाली धुनों के लिए मशहूर स्वानंद किरकिरे एक बार फिर अपने सबसे पसंदीदा क्रिएटिव स्पेस यानी रोमांटिक म्यूज़िक में लौट रहे हैं। मशहूर गीतकार और संगीतकार अगले महीने अपना नया लव सॉन्ग “अकेला” रिलीज़ करने जा रहे हैं। इसके साथ ही वह एक नई म्यूज़िकल जर्नी की शुरुआत करेंगे, जिसमें वह हर महीने अपने यूट्यूब चैनल पर एक ओरिजिनल गाना रिलीज़ करने का प्लान बना रहे हैं। नेशनल अवॉर्ड विजेता स्वानंद इस साल पहले ही दो सिंगल्स रिलीज़ कर चुके हैं, जिन्हें दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
भारतीय सिनेमा को कई यादगार और दिल छू लेने वाले रोमांटिक गाने देने वाले स्वानंद का रोमांस से हमेशा खास रिश्ता रहा है। इस नए कदम के जरिए वह प्यार, कविता, संगीत और भावनाओं को और ज्यादा निजी और करीब से दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं।
इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि स्वानंद इन गानों को सिर्फ लिख और कंपोज ही नहीं करेंगे, बल्कि खुद अपनी आवाज़ भी देंगे। इससे हर गाने में एक अलग सच्चाई और अपनापन महसूस होगा। अपने यूट्यूब चैनल पर इंडिपेंडेंट म्यूजिक रिलीज़ करके वह ऐसा मंच बनाना चाहते हैं, जहां बिना किसी सीमा के क्रिएटिविटी खुलकर सामने आ सके और वह सीधे अपने दर्शकों से जुड़ सकें।
इस म्यूज़िकल दिशा पर बात करते हुए स्वानंद किरकिरे ने कहा, “रोमांटिक गाने हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहे हैं। प्यार एक ऐसी भावना है जो समय के साथ बदलती रहती है, लेकिन हर इंसान के लिए हमेशा बेहद निजी रहती है। एक गीतकार के तौर पर मुझे उन छोटी-छोटी भावनाओं को शब्द देना पसंद है जो अक्सर कही नहीं जातीं, और एक संगीतकार के तौर पर मैं कोशिश करता हूं कि उन एहसासों को ऐसी धुन दूं जो लोगों के दिल में बस जाए।”
स्वानंद आगे कहते हैं, “समय के साथ मुझे यह भी महसूस हुआ कि मुझे खुद ये गाने गाना भी बहुत पसंद है, क्योंकि इससे मैं उन्हें बिल्कुल वैसे ही व्यक्त कर पाता हूं जैसा मैं महसूस करता हूं। उस प्रक्रिया में एक अलग तरह की सच्चाई होती है, जो बहुत सीधी और बिना किसी दिखावे के होती है। मैं अपने इस प्लेटफॉर्म के जरिए उसी एहसास को और ज्यादा एक्सप्लोर करना चाहता हूं।”
वह आगे कहते हैं, “हर महीने एक गाना रिलीज करना मेरे लिए अपने क्रिएटिव इंस्टिंक्ट से जुड़े रहने का तरीका है। यह किसी बड़े स्केल या दबाव के बारे में नहीं है, बल्कि लगातार और ईमानदारी से कुछ अच्छा बनाने के बारे में है। मैं ऐसा स्पेस बनाना चाहता हूं जहां लोग बार-बार लौटकर आएं, क्योंकि वहां उन्हें कुछ सच्चा, भावनात्मक और दिल से जुड़ा हुआ महसूस हो।”
Ahmed Khan
Media Relations
Hardly Anonymous Communications

