इटली की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को एक खास तोहफा दिया है। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें पीएम मोदी उन्हें मेलोडी टॉफी का तोहफा देते हुए नजर आ रहे हैं। इस उपहार के लिए मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का आभार प्रकट किया है। आइए जानते हैं कि जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के इस गिफ्ट पर क्या प्रतिक्रिया दी।
मेलोनी ने पीएम मोदी का आभार जताया
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिया गया तोहफा स्वीकार करने के बाद उनका धन्यवाद किया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आपके उपहार के लिए दिल से धन्यवाद।”
मेलोनी को भाया मेलोडी का मज़ा
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने एक साझा किए गए वीडियो में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मुलाकात को खास बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक तोहफा लाए हैं – एक बेहद स्वादिष्ट टॉफी।
Colosseum के दौरे पर भी साथ दिखे मोदी और मेलोनी बुधवार को पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी के साथ अपनी मुलाकात की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर पर मिलने का मौका मिला। इसके बाद हमने इटली के मशहूर Colosseum का दौरा किया। इस दौरान हमने विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा किए। उन्होंने यह भी कहा कि वे आज होने वाली चर्चा को लेकर उत्सुक हैं, जिसमें भारत और इटली के बीच मित्रता को और गहरा करने के उपायों पर विचार किया जाएगा।
7 अजूबों में से एक: कोलोसियम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने रोम स्थित कोलोसियम का दौरा किया, जो कि दुनिया के नए सात अजूबों में शामिल है। यह प्राचीन रोमन साम्राज्य का सबसे भव्य और विशाल एम्फीथिएटर है, जहां एक समय ग्लेडिएटर की लड़ाइयां और सार्वजनिक प्रदर्शन आयोजित किए जाते थे।
द्विपक्षीय वार्ता में जुटेंगे दोनों नेता
आज रोम में पीएम मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच द्विपक्षीय बातचीत तय है। इटली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत खुद इटली के विदेश मंत्री ने किया। इसके बाद जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “वेलकम माय फ्रेंड।”
राहुल गांधी का तीखा बयान
प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आर्थिक संकट दरवाजे पर खड़ा है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री इटली में मिठाइयां बांट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सभी परेशान हैं – लेकिन पीएम खुशी-खुशी रील बना रहे हैं, और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, बल्कि नौटंकी है।”

